चंडीगढ़, 10 जुलाई: सावन का महीना, हिंदू पंचांग में आने वाला वह शुभ समय होता है, जब भक्ति और अध्यात्म का वातावरण चारों ओर व्याप्त हो जाता है। यह महीना भगवान शिव को समर्पित होता है, जिन्हें श्रद्धालु भोलेनाथ, महादेव, शंकर या नीलकंठ के नाम से पूजते हैं। सावन के हर सोमवार को व्रत (उपवास) रखने की परंपरा विशेष रूप से निभाई जाती है, जिसे “सावन सोमवार व्रत” कहा जाता है। इस उपवास को रखने से भक्तों को भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
लेकिन एक अहम बात यह है कि हर व्यक्ति के लिए यह व्रत करना उचित नहीं होता। कुछ लोगों की स्वास्थ्य स्थिति, आयु, या परिस्थितियाँ ऐसी होती हैं कि उनके लिए यह व्रत लाभकारी की बजाय हानिकारक हो सकता है। अतः अगर आप सावन सोमवार का व्रत रखने का मन बना रहे हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि क्या आप उन लोगों में शामिल हैं जिन्हें इस व्रत से बचना चाहिए।
1. कमजोर या बीमार लोगों को सावन व्रत से बचना चाहिए
यदि कोई व्यक्ति पहले से ही किसी बीमारी से पीड़ित है या उसकी शारीरिक स्थिति कमजोर है, तो उसे सावन सोमवार का व्रत नहीं रखना चाहिए। उपवास के दौरान घंटों तक भोजन और पानी न लेने से शरीर में कमजोरी, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और पेट की अन्य समस्याएं हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्या, थकान, लो बीपी या एनीमिया है, उन्हें इस दौरान उपवास से परहेज़ करना चाहिए।
2. मासिक धर्म के दौरान महिलाएं न करें सोमवार का व्रत
हिंदू धर्म की पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को किसी भी प्रकार के पूजन या उपवास से दूर रहना चाहिए। यह समय उनके शरीर और मन दोनों के लिए विश्राम का होता है। यदि किसी महिला ने संकल्प लिया हो, जैसे सोलेह सोमवार व्रत, तो वह व्रत मानसिक रूप से कर सकती है, लेकिन पूजा सामग्री को छूने या मंदिर जाने से बचना चाहिए।
3. गर्भवती महिलाओं को भी सावधान रहना चाहिए
गर्भवती महिलाओं के लिए उपवास करना कभी-कभी खतरनाक हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान पोषक तत्वों की जरूरत अधिक होती है, और उपवास से शारीरिक कमजोरी, चक्कर आना, मिचली आना और बच्चे की ग्रोथ पर प्रभाव पड़ सकता है। इस समय पर बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी प्रकार का उपवास न करें। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केवल शिवजी की भक्ति करें।
4. गंभीर रोगियों को व्रत नहीं करना चाहिए
जिन लोगों को हृदय रोग, मधुमेह (डायबिटीज), किडनी की समस्या, थायरॉइड या अन्य कोई पुरानी बीमारी है, उन्हें व्रत से परहेज़ करना चाहिए। ऐसे लोग यदि लंबे समय तक कुछ न खाएं तो उनकी स्थिति बिगड़ सकती है। इन परिस्थितियों में उपवास उनकी बीमारी को और जटिल बना सकता है। इसलिए बेहतर है कि वे केवल पूजन, मंत्र जाप और ध्यान के माध्यम से भगवान शिव की आराधना करें।
5. छोटे बच्चों को उपवास के लिए न करें मजबूर
बच्चों का शरीर विकास की प्रक्रिया में होता है, उन्हें नियमित पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है। उपवास उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बाधित कर सकता है। अगर बच्चा बड़ा है और व्रत रखने की इच्छा जताता है, तो भी उसकी आयु, स्वास्थ्य और सहनशक्ति को ध्यान में रखते हुए हल्का व्रत रखा जा सकता है – जैसे फलाहार आदि। लेकिन बिना चिकित्सकीय सलाह के बच्चों को कठोर उपवास न कराएं।
व्रत न कर पाने वाले भी कर सकते हैं शिव उपासना
अगर किसी कारणवश आप सावन सोमवार का व्रत नहीं रख पा रहे हैं, तो निराश होने की कोई आवश्यकता नहीं है। भगवान शिव केवल व्रत से नहीं, बल्कि भक्ति और सच्चे भाव से प्रसन्न होते हैं। आप निम्न तरीकों से शिवजी की उपासना कर सकते हैं:
-
सुबह स्नान के बाद ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप करें
-
शिवलिंग पर जल, दूध या पंचामृत से अभिषेक करें
-
रुद्राष्टक, शिव चालीसा या शिव तांडव स्तोत्र का पाठ करें
-
घर में शांति से बैठकर ध्यान करें और भगवान शिव को स्मरण करें
Top Tags