पंचकूला, 10 नवम्बर : पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित सरस मेला में आज अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली।
मेले में लगभग एक लाख से अधिक लोगों ने पहुँचकर विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित देशज उत्पादों, हस्तशिल्प वस्तुओं, खाद्य पदार्थों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
मेले का आयोजन ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देना है।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपने-अपने राज्य की पारंपरिक कलाओं और स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक मंच पर लोक कलाकारो द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मेले में आए आगंतुकों ने ग्रामीण उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं बल्कि ’वोकल फॉर लोकल अभियान’ को भी बल प्रदान करते हैं।
सरस मेला 17 नवम्बर 2025 तक जारी रहेगा, जिसमें और भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा आकर्षक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
Top Tags