पाकिस्तानी व्यक्ति से विवाह करने वाली पंजाब के कपूरथला की रहने वाली सरबजीत सिंह कौर को भारतीय अधिकारियों को सौंपने के बारे में अंतिम फैसले तक लाहौर के एक शेल्टर होम में शिफ्ट कर दिया गया है। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने पर भारत को सौंपे जाने की संभावना है। सरबजीत पिछले साल चार नवंबर को भारत से सिख तीर्थयात्रियों के एक ग्रुप के साथ पाकिस्तान आयी थी। अपने तीर्थयात्रा ग्रुप के साथ भारत लौटने के बजाय वह पाकिस्तान में ही रुक गई।
उसने इस्लाम धर्म अपना लिया और शेखूपुरा के रहने वाले नासिर हुसैन से अपनी पसंद से शादी कर ली। सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार सरबजीत ने सबसे पहले 2016 में सोशल मीडिया के जरिए हुसैन से संपर्क किया था, जो बाद में एक रिश्ते में बदल गया। यह भी पता चला है कि उसने अपना नाम बदलकर नूर रख लिया है
मंगलवार को सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली कि सरबजीत को लाहौर के दार-उल-अमन में भेज दिया गया है। अधिकारी उसकी कानूनी और प्रशासनिक स्थिति पर बातचीत कर रहे हैं। उसे भारतीय अधिकारियों को सौंपने की प्रक्रिया अभी तय नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, सरबजीत कौर को पहले वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत भेजे जाने की तैयारी थी और इसके लिए परेड की औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई थीं। लेकिन यात्रा दस्तावेजों में तकनीकी खामी के चलते उनकी वापसी फिलहाल टल गई। अब जब तक भारत की ओर से दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक उन्हें लाहौर के दार-उल-अमन शेल्टर होम में रखा गया है।
Top Tags