सैनी सरकार महिलाओं के लिए रोजगार देने वाले उद्योगों को देगी अतिरिक्त मदद

चंडीगढ़ , 8 मार्च – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि हरियाणा में महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को राज्य सरकार की तरफ से अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” के अवसर पर सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘महिला उद्यमिता मंच’ के हरियाणा चैप्टर की शुरुआत करने के अलावा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की पांचवीं किस्त के 200 करोड़ 77 लाख रुपये , सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के कुल 1 हजार 338 करोड़ 61 लाख रुपये तथा ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत 20 करोड़ 21 लाख रुपये पात्र महिलाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित किए।

उन्होंने स्टार्टअप्स को भी 3 करोड़ रुपए की सीड-मनी के चेक वितरित किए।  CM नायब सिंह सैनी ने समारोह में उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज एक ओर जहां पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, वहीं दूसरी ओर हरियाणा की ऐतिहासिक धरती पानीपत पर शुरू हुए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के 11 गौरवपूर्ण वर्ष पूरे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मंच महिलाओं को बाजार की नई तकनीक और मार्केटिंग की बारीकियों से रूबरू कराएगा। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस महिला उद्यमिता मंच जुड़कर इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।  उन्होंने बताया कि सरकार ने इसके लिए बजट में 5 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्कप्लेस सेफ्टी फंड बनाने का प्रावधान किया है। इसके साथ ही एक POSH सेल और एक विशाखा पोर्टल भी बनाया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में सेंड आर्ट शो के माध्यम से महिला सशक्तिकरण व उपलब्धियों की झलक दिखाई गई।