हरियाणा को सुशासन का मॉडल राज्य बनाने का संकल्प: CM सैनी

पंचकूला, 1 जनवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार सेवा भाव के साथ सुशासन के माध्यम से आमजन के जीवन को सुगम बनाने और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पंहुचाने का कार्य कर रही है। उनका विजन हरियाणा को सुशासन के क्षेत्र में देश का उदहारण बनाना है और इस दिशा में सुशासन सहयोगी एक बड़ी जिम्मेदारी निभाने जा रहे है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज स्वर्ण जयंती हरियाणा इंस्टीच्यूट ऑफ फिस्कल मैनेजमेंट सेक्टर-3 में मुख्यमंत्री सुशासन  सहयोगी 2.0 के अंतर्गत नवनियुक्त सुशासन सहयोगियों की आयोजित पहली बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों को स्टेशन आवंटित किए। सभी सुशासन सहयोगी कल 2 जनवरी से अपने-अपने संबंधित जिलों में कार्यभार संभालेेंगे।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण गुप्ता, अतिरिक्त प्रधान सचिव डाॅ. साकेत कुमार, उप प्रधान सचिव और सीएमजीजीए कार्यक्रम के परियोजना निदेशक श्यशपाल सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री राकेश संधु और सभी जिलों के उपायुक्त भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित नवनियुक्त सीएमजीजीएज और सभी जिला उपायुक्तों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरे लिए सुशासन का अर्थ है- पारदर्शिता, जवाबदेही और समावेशन। उन्होंने कहा कि ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’, यह केवल नारा नहीं है। यह हमारा प्रशासनिक संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हमें मजबूत ढाँचा बनाना होगा। वह ढांचा बनता है बेसिक चीजों से, अपशिष्ट प्रबंधन, मानव संसाधन, और सही गवर्नेस से।