दिल्ली में वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को इस हफ्ते से बड़ी राहत मिलने वाली है। पिछले कुछ महीनों से लाभार्थियों की पेंशन रुकी हुई थी, बताया जा रहा है तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों के कारण यह समस्या हो गई थी लेकिन अब उसका भुगतान जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन और समाज कल्याण मंत्री के विशेष प्रयासों से समाज कल्याण विभाग को वित्त विभाग से आवश्यक मंजूरी प्राप्त हो गई है। इसके चलते इसी सप्ताह रुकी पेंशन राशि जारी कर दी जाएगी।
बताया जा रहा है सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी पूरी बकाया पेंशन एक साथ प्रदान की जाएगी। दिल्ली में अभी 4 लाख 35 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें से कुछ लाभार्थियों के भुगतान में अस्थायी रूप से बाधा आई है, जबकि बाकी सभी को नियमित रूप से समय पर पेंशन मिलती रही है। इस मामले को लेकर मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और संबंधित सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।
इसी हफ्ते से लाभार्थियों की पेंशन का भुगतान किया जाना शुरू हो जाएगा और सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों के बैंक खातों में बकाया राशि जमा कर दी जाएगी। मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने पेंशन वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने के निर्देश भी दिए हैं।
Top Tags