वन मंत्री राव नरबीर ने पंचकूला में किया वृक्षारोपण तैयारियों का निरीक्षण!

चंडीगढ़, 27 जून: हरियाणा के वन एवं पर्यावरण तथा उद्योग मंत्री श्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को पंचकूला जिले में स्थित वन विभाग की नर्सरी, नेचर कैम्प और त्रिफला वाटिका का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वृक्षारोपण अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने और लगे हुए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

20 लाख पौधे तैयार, लक्ष्य – अधिकतम रोपण

वन मंत्री को जानकारी दी गई कि इस वर्ष के पौधारोपण सीजन के लिए वन विभाग ने 20 लाख पौधों की तैयारी की है। नर्सरी दौरे के दौरान मंत्री ने दो वर्ष पूर्व लगाए गए पौधों की स्थिति का भी जायज़ा लिया और देखभाल की निरंतरता पर बल दिया

“जितने अधिक पेड़ लगाएंगे, उतना ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण दे पाएंगे,” – राव नरबीर सिंह

नेचर कैम्प और क्लाइमेट चेंज लैब का अवलोकन

थापली स्थित नेचर कैम्प और वहां स्थापित नेचरोपैथी सेंटर का भी मंत्री ने दौरा किया। उन्होंने सेंटर में मौजूद विशेषज्ञों को और मेहनत से कार्य करने का आह्वान किया, जिससे अधिक लोग प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ उठा सकें
इसके साथ ही उन्होंने क्लाइमेट चेंज लैब का भी निरीक्षण किया, जहां विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

औषधीय पौधों के संवर्धन पर जोर

मांधना गांव स्थित त्रिफला वाटिका में वन मंत्री ने औषधीय पौधों की विविधता और उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन पौधों का अधिक से अधिक उत्पादन कर आयुर्वेदिक चिकित्सा में योगदान बढ़ाया जाए।

ग्रामीणों की मांगों पर दिया आश्वासन

मंत्री ने अपने दौरे के अंतिम चरण में मोरनी स्थित फोर्ट का दौरा किया, जहाँ दूधगढ़, भोज राजपुरा और बालदवाला पंचायतों की ओर से उन्हें एक मांग-पत्र सौंपा गया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की उचित मांगों पर विचार कर उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा।

उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री विनीत गर्ग, जिला वन अधिकारी विशाल कौशिक, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर मनीर गुप्ता समेत वन विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।