मुख्यमंत्री से मिले रामबिलास शर्मा, अटेली क्षेत्र के विकास को लेकर रखे सुझाव!

चंडीगढ़, 3 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से आज चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास संत कबीर कुटीर पर राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री रामबिलास शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अटेली विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इस मुलाकात के दौरान श्री रामबिलास शर्मा ने मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व राज्य के विकास को एक नई दिशा दे रहा है। उन्होंने विशेष रूप से अटेली क्षेत्र की जरूरतों और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और शीघ्र क्रियान्वयन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और स्थानीय प्रतिनिधियों से प्राप्त इनपुट्स नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए आभार प्रकट करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि, “मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की प्रगति और जनहित के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे अत्यंत प्रेरणादायक हैं। अटेली क्षेत्र के विकास में हम भी अपनी पूरी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।”