जालंधर, 10 मार्च: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार अपनी नीतियों को आम लोगों के कल्याण पर केंद्रित कर रही है और शिक्षा, रोजगार तथा नशे के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता दे रही है। यह बात मंगलवार को कही।
आदमपुर के गाज़ीपुर मोहल्ला में CM मान लोगों से बातचीत कर रहे थे इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न पहलों का जिक्र किया, जिनमें मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य योजनाएँ, रोजगार सृजन और न/शा विरोधी अभियान शामिल हैं। साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर जनता के कल्याण और पंजाब के युवाओं के भविष्य की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इन पार्टियों के एजेंडे में आम आदमी कभी नहीं रहा, क्योंकि वे केवल अमीरों के हितों की रक्षा करती थीं। आम आदमी को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में लाने का श्रेय AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जाता है और अब पंजाब सरकार आम लोगों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक पहल कर रही है।”
मुख्यमंत्री मान ने सरकार की प्रमुख पहलों के बारे में भी जानकारी देते हुए कहा , “AAP सरकार को धन जुटाने और उसका सही उपयोग करना आता है। आज थर्मल प्लांट खरीदे जा रहे हैं, लोगों को मुफ्त बिजली दी जा रही है, नहरों के आखिरी छोर तक पानी पहुँचाया जा रहा है, किसानों को बिजली आपूर्ति मिल रही है और आम लोगों के हित में बिजली दरें कम की जा रही हैं।
पिछले चार वर्षों में पंजाब सरकार ने सभी गारंटी पूरी की हैं और कई अतिरिक्त सुविधाएँ भी दी हैं, जैसे टोल प्लाज़ा बंद करना। वहीं दूसरी ओर भाजपा की केंद्र सरकार ने नोटबंदी जैसी योजनाएँ लागू कीं, जिससे आम लोगों, खासकर महिलाओं की जेब से पैसा निकल गया।”
“मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना”
बजट सत्र में शुरु हुई मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने ₹1000 और अनुसूचित जाति की महिलाओं को ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। आम लोगों, खासकर गरीबों के लिए ₹1000 से ₹1500 एक बड़ी रकम है। यह सहायता माताओं और बेटियों के सम्मान का प्रतीक है और महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान देखकर मुझे बेहद संतोष मिलता है।”
Top Tags