पंचकूला में गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

पंचकूला, 22 जनवरी- 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में  होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जोरो पर है। इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव भी उपस्थित रही। । हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह परेड ग्राउंड सेक्टर 5 में आयोजित किया जाएगा। बरसात की स्थिति में वैकल्पिक स्थल के रूप में सेक्टर 5 स्थित इन्द्रघनुष ऑडिटोरियम को चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यातिथि द्वारा मुख्य समारोह में शामिल होने से पूर्व सेक्टर-12 स्थित शहीदी स्मारक पर पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके उपरांत मुख्यातिथि कार्यक्रम स्थल पर पंहुच कर ध्वजारोहण करेंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे व उपस्थित जनों को अपना संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
उपायुक्त ने बताया कि समारोह के दौरान हरियाणा पुलिस, हरियाणा गृह रक्षी, एनसीसी कैडेट्स के जवानों की टुकड़ियों द्वारा शानदार मार्चमास्ट किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा पीटी शो, डंबल शो, योग कार्यक्रम और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अपनी कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित झांकियां भी निकाली जाएगी।