हरियाणा में रबी सीजन की गेहूं खरीद की तैयारियां शुरू.. राज्य मंत्री राजेश नागर

चंडीगढ़, 18 मार्च – हरियाणा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने आज  वीसी के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला आपूर्ति नियंत्रकों की बैठक ली जिसमें आगामी रबी सीजन में जिला वार गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित करने, खरीद एजेंसियों की तैयारी और स्टाफ की उपलब्धता आदि मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजा शेखर वुंडरु भी उपस्थित थे।

इस दौरान राज्य मंत्री श्री नागर ने हरियाणा की मंडियों में आगामी एक अप्रैल से रबी सीजन के अन्तर्गत गेहूं की ख़रीद के दौरान मंडियों में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्री नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसान भाइयों के लिए पीने के पानी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, शेड व बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित सफाई एवं स्वच्छता की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में श्री नागर ने प्रचुर बारदाना की आपूर्ति एवं प्रबंध करने, खरीदे गए गेहूं का मंडियों से समय पर उठान करवाने, गोदाम में भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था करने, अनाज उठाने के लिए पर्याप्त ट्रांसपोर्ट की उपलब्धता करवाने, परिवहन में हेराफेरी की आशंका को रोकने और न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान निर्धारित समय सीमा 48 से 72 घंटे में सुनिश्चित करने के बारे में भी दिशा – निर्देश दिए।

राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि किसान को भुगतान में किसी प्रकार से देरी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ-साथ गेहूं खरीद में गुणवत्ता मानकों का सही तरीके से पालन करने, नमी की मात्रा, आदि की सही जांच करने, खरीद एजेंसी, मंडी बोर्ड और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल कर अन्नदाता किसान को अच्छा अनुभव देने के लिए भी निर्देश दिए।