उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने सीएम घोषणाओं पर दिखाई सख्ती — अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश!

चंडीगढ़, 14 जुलाई: पंचकूला जिला की विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त श्रीमती मोनिका गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं (CM Announcements) के तहत प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और अपनी-अपनी योजनाओं की स्थिति से उपायुक्त को अवगत करवाया।

विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि,

“मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं सिर्फ आश्वासन नहीं हैं, बल्कि जनता से किया गया वादा हैं, जिसे हर हाल में समयबद्ध रूप से पूरा किया जाना चाहिए।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और उनमें किसी भी तरह की देरी या लापरवाही न हो। साथ ही, अंतर्विभागीय समन्वय को भी बेहतर बनाने पर ज़ोर दिया गया, ताकि कोई भी कार्य तकनीकी या प्रशासनिक अड़चनों के कारण अटका न रह जाए।

हर विभाग की प्रगति रिपोर्ट का हुआ विश्लेषण

अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती निशा यादव ने बैठक में विभागवार एक-एक कर मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने हर परियोजना की स्थिति — जैसे कार्य आरंभ हुआ या नहीं, निर्माण की वर्तमान स्थिति, बाधाएं, और अनुमानित पूर्णता समय — का विस्तार से विवरण दिया।

उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों से यह भी पूछा कि यदि कोई कार्य मुख्यालय स्तर पर अटका है, तो उसकी जानकारी तुरंत उन्हें दी जाए ताकि वह मुख्यालय से संपर्क करके समाधान सुनिश्चित कर सकें।

अधिकारियों को चेतावनी: “लापरवाही नहीं सहेंगे”

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त शब्दों में कहा कि कोई भी अधिकारी अपने विभाग के अधीन कार्यों को लटकाकर न रखे। उन्होंने चेताया कि लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सहयोग से समाधान

उपायुक्त ने यह भी कहा कि कई बार कार्य एक विभाग के बजाए कई विभागों से जुड़े होते हैं, ऐसे में आपसी तालमेल और सामंजस्य की विशेष आवश्यकता होती है। यदि सभी विभाग मिलकर एक दिशा में काम करें, तो बड़े से बड़ा अवरोध भी पार किया जा सकता है

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

  • अतिरिक्त उपायुक्त: श्रीमती निशा यादव

  • एसडीएम पंचकूला: चंद्रकांत कटारिया

  • एसडीएम कालका: संयम गर्ग

  • नगर निगम के संयुक्त आयुक्त: गौरव चौहान

  • सीटीएम: विश्वनाथ

  • डीडीपीओ: विशाल पराशर

  • लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर परिषद कालका, एचएसएएमबीहरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी उपस्थित रहे।