पंचकूला, 3 मार्च : हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय नेचर कैंप थापली में भारत भूषण भारती, ओएसडी मुख्यमंत्री हरियाणा ने संत लोंगोवाल इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (SLIET) के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री की युवाओं के सर्वांगीण विकास संबंधी दृष्टि को साझा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट विज़न है कि राज्य का युवा शिक्षित, आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने वाला हो। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्चतम शिक्षा प्राप्त कर देश सेवा के लिए प्रेरित किया और विदेश पलायन की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि युवा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश में करेंगे तो हरियाणा और भारत की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत प्रतिदिन एक विश्वविद्यालय के विद्यार्थी नेचर कैंप थापली का भ्रमण करते हैं। यह आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत हरियाणा एवं पंजाब के विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को नेचर कैंप थापली भ्रमण हेतु आमंत्रित किया जाता है। यहां छात्र-छात्राएं प्रकृति के सान्निध्य में समय व्यतीत कर पर्यावरणीय तंत्र (ईकोसिस्टम) की कार्यप्रणाली को समझते हैं तथा जैव विविधता, जल संरक्षण और वन संरक्षण जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करते हैं।
इस अवसर पर सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन परमजीत, रेंज ऑफिसर संजय, डिप्टी रेंज ऑफिसर विजय नेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की तथा युवाओं को पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
Top Tags