हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र का आज नौवां दिन है. सदन में सुबह 11 बजे से प्रश्नकाल के साथ कार्यवाही शुरू हो चुकी है. विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के 20 विधायकों ने सदन में सवाल लगाए है। शून्यकाल में भी कई सवाल और मुद्दे उठाए जाने की संभावना है. दोपहर बाद बजट पर चर्चा होगी, जिसमें विपक्ष के हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं.
विधायक जगमोहन आनंद ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम पर सवाल उठाये
करनाल से बीजेपी विधायक जगमोहन आनंद ने सीएम सैनी से सवाल किया है। उन्होंने पूछा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जो कर्मचारी 5 साल की नौकरी पूरा कर चुके, नौकरी की सुरक्षा प्रदान करने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है? अगर ऐसा को कोई प्रस्वात है तो कब तक पूरा किया जाएगा?
विधायक देवेंद्र हंस का मंत्री कृष्णलाल पंवार से सवाल
सदन में कार्यवाही के दौरान गुहला विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि, “बीडीपीओ कार्यालय चीका के परिसर में पंचायत समिति की दुकान का नया निर्माण नियमों के विपरीत किया गया था.इस मामले में स्थानीय विधायक के द्वारा दखल देकर काम रोकने के आदेश दिए गए थे, लेकिन यहां काम पूरा होता रहा है. इस मामले में सरकार जांच कराने की इच्छुक है या नहीं.” वहीं, इसका जवाब देते हुए पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि, “स्वीकृति के अनुसार ही काम किया गया है। स्थलीय निरीक्षण अधिकारियों के द्वारा किया जा रहा है. अभी तक की जांच में कोई भ्रष्टाचार नहीं मिला है.” इसका विरोध करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि, “टेंडर में ये लिखा है कि दुकानों का विस्तार किया जाएगा, सिर्फ रेनोवेशन का ही जिक्र किया गया है.”
स्वास्थ्य मंत्री बोलीं- इस इलाके में कई बड़े अस्पताल
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जानकारी दी कि इस एरिया के आसपास कई बड़े और आधुनिक अस्पताल मौजूद हैं, जो आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान कर सकते हैं. मंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई योजना के तहत किसी भी हादसे या दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ अवश्य उठाएँ और जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में तुरंत पहुँचें. मंत्री ने इसे सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया.
कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने उठाया दूषित जल का मुद्दा
जुलाना और जींद में सीवरेज युक्त दूषित जल ड्रेनों के माध्यम से सुंदर ब्रांच नहर में डाले जाने की गंभीर स्थिति पर सदन में सवाल उठाया गया. कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि पानी में झाग उठ रहे हैं और अधिकारियों की रिपोर्ट सही नहीं मिल रही. उन्होंने पेयजल एवं सिंचाई मंत्री से पूछा कि क्या सरकार इस समस्या को रोकने के लिए कदम उठाएगी. इसका जवाब देते हुए सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि वह मामले का संज्ञान लेंगी और रिचेकिंग कराएंगी.
Top Tags