8अक्टूबर: वायु सेना का गौरव दिवस, वायु योद्धाओं को नमन

8 अक्टूबर को प्रतिवर्ष देशभर में भारतीय वायु सेना स्थापना दिवस सेलिब्रेट किया जाता है। इस वर्ष भारतीय एयरफोर्स स्टेशन अपना 93वां इंडियन एयर फोर्स डे मना रहा है। देश की रक्षा के लिए भारतीय वायुसेना का अहम योगदान है ।इस दिन का महत्व देश की हवाई सीमा की सुरक्षा, वायुसेना के पराक्रम, त्याग और वीरता को सम्मान देने और वायु सेना के योगदान को सराहा जाता है। इस दिन भारतीय सेना की ओर से भी देश भर के वायु स्टेशनों से लड़ाकू विमानों द्वारा करतब दिखाए जाते हैं और भारतीय वायु सेना का शक्ति प्रदर्शन किया जाता है।

 

8 अक्टूबर 1932 को भारतीय वायु सेना की हुई स्थापना

 

भारतीय वायुसेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी जिसके बाद से ही प्रतिवर्ष इस दिन को वायु सेना दिवस के रूप में मनाया जाता है। एयर मार्शल सुब्रोतो मुखर्जी को भारतीय वायु सेना का संस्थापक माना जाता है। आजादी के बाद 1 अप्रैल 1954 सुब्रोतो मुखर्जी को भारतीय वायु सेना का पहला वायु सेना प्रमुख भी नियुक्त किया गया था।

 

भारतीय वायु सेना का महत्व

वायुसेना दिवस युवा पीढ़ी को देश सेवा के लिए प्रेरित करने, राष्ट्रीय एकता और गर्व की भावना जगाने का भी काम करता है। भारतीय वायुसेना देश की सुरक्षा के साथ ही आपदा राहत, बचाव कार्य, शांति अभियानों और विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए वायुसेना दिवस उसके गौरवशाली इतिहास, विकास और साहसिक कार्यों को जनता के सामने लाने के लिए इस दिन को मनाया जाता है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने बुधवार को वायु सेना दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वायु सेना दिवस पर सभी वायु योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय वायु सेना ने सदैव साहस, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता का परिचय दिया है। हमारे वायु योद्धा हमारे आकाश की रक्षा करते हैं और आपदाओं व मानवीय मिशनों के दौरान अथक समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा करते हैं। हमारी वायु सेना ने अपनी शक्ति और हर चुनौती का सामना करने की तत्परता से राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। मैं भारतीय वायु सेना को भविष्य के सभी प्रयासों में सफलता के लिए शुभकामनाएं देती हूं।

 

CM योगी ने वायु सेना दिवस पर दी शुभकामनाएं

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “भारतीय वायु सेना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। वायु सेना ने अपने अद्वितीय शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा से भारत माता की अटल सुरक्षा सुनिश्चित की है। आपदा हो या युद्ध का मैदान, हर परिस्थिति में वायु वीरों ने साहस व शौर्य की अमिट गाथा रची है। राष्ट्र को अपने आकाश प्रहरी वीरों पर असीम गर्व है। जय हिंद।”

 

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने वीरों पर जताया गर्व

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा, “भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शौर्य, समर्पण एवं पराक्रम के प्रतीक हमारे वीर जाबाजों ने हमेशा ही हर विपरीत परिस्थिति में अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। वायु वीरों के पराक्रम पर राष्ट्र को गर्व है। जय हिंद।”