पंचकूला DC कार्यालय में नया CSC आधार केंद्र शुरू

पंचकूला, 2 दिसंबर, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने आज जिला उपायुक्त कार्यालय के नये भवन परिसर में सीएससी द्वारा संचालित आधार केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। इस नए केंद्र के शुरू होने से जिले के नागरिकों को आधार से संबंधित सभी प्रमुख सेवाएँ- जैसे नया आधार बनवाना, करेक्शन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा डेमोग्राफिक अपडेट-एक ही स्थान पर सुगमता से मिल सकेंगी।

अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने बताया कि अब तक जिले में केवल 5, 6 स्थानों पर ही आधार सेवाएँ उपलब्ध थीं, जिसके चलते नागरिकों को दूर-दराज जाना पड़ता था। विशेष रूप से, जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को भी लंबे समय से आधार सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। उन्होने बताया कि नए आधार केंद्र के शुरू होने से यह समस्या खत्म हो जाएगी और लोग आसानी से सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि आधार केंद्र को लघु सचिवालय की नई बिल्डिंग, द्वितीय तल, कक्ष संख्या 36 में स्थापित किया गया है। यह केंद्र नागरिकों को सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क पर ही सेवाएँ प्रदान करेगा।

इस अवसर पर सीएससी के स्टेट हेड आशीष शर्मा, आधार विभाग के मैनेजर  नरेंद्र सिंह, तथा पंचकूला के जिला प्रबंधक संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।