“नवरात्र मेला: मंदिर परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा के निर्देश

पंचकूला, 27 अगस्त – उपायुक्त और श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की मुख्य प्रशासक श्रीमती मोनिका गुप्ता ने आगामी अश्विन नवरात्र मेले (22 सितंबर से 1 अक्टूबर 2025) को लेकर माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के सभागार में बैठक की अध्यक्षता की बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए ताकि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष रूप से माता मनसा देवी, काली माता मंदिर कालका और चंडी माता मंदिर के प्रांगण को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए जाने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूरी की जाएँ। दिव्यांग और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे।  इसके अलावा, यूएचबीवीएन, स्वास्थ्य विभाग, फायर ऑफिसर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और नगर निगम को विभिन्न जिम्मेदारियों के तहत 24 घंटे सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने यह भी कहा कि मेले के दौरान मंदिर परिसर के आसपास फॉगिंग, कीटनाशन और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण न होने देने और सड़कों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, आयुष विभाग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने और नवरात्र मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए निर्देशित किया।