चंडीगढ़, 27 मई: 2025 का मानसून अपने आगमन के साथ ही देश भर में उथल-पुथल मचा रहा है। जहां यह आमतौर पर जून के पहले सप्ताह में मुंबई पहुंचता है, इस बार इसने मई के अंत से पहले ही दस्तक दे दी — और वो भी इतनी ज़ोरदार बारिश के साथ कि 107 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) और आपदा प्रबंधन एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं, क्योंकि मानसून ने सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। इसके साथ आई तेज़ हवाओं, गरज-चमक, और ओलावृष्टि ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
मुंबई में बारिश ने तोड़ा सदी पुराना रिकॉर्ड
मुंबई में इस बार मई महीने की बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि 1917 में दर्ज हुई रिकॉर्ड वर्षा को भी पीछे छोड़ दिया। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति ऐसी बनी कि सड़कों पर पानी का बहाव नदियों जैसा दिखा।
-
वर्ली के भूमिगत मेट्रो स्टेशन में पानी भरने के कारण मेट्रो सेवाएं रोकनी पड़ीं।
-
मध्य रेलवे की हार्बर लाइन ठप हो गई, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
-
250 से अधिक फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।
-
राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की 13 और SDRF की 2 टीमें तैनात की गईं।
8 राज्यों में 27 मई से 1 जून तक रेड और ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 27 मई से 1 जून तक उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज़ हवाएं, आंधी-तूफान और बारिश देखने को मिल सकती है।
इस चेतावनी में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश शामिल हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, विशेषकर हिमाचल प्रदेश में।
देशभर में मानसून का प्रभाव
पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण के कुछ हिस्सों में भारी बारिश
-
मानसून अब तक तेलंगाना, रायलसीमा, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय तक पहुंच चुका है।
-
अगले कुछ दिनों में इसके पूरा महाराष्ट्र और उत्तर-पूर्व भारत को कवर करने की संभावना है।
उत्तर भारत को मिली गर्मी से राहत
-
पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल और पश्चिमी यूपी में तापमान 4 से 6 डिग्री तक गिरा है।
-
हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह राहत अस्थायी हो सकती है, और जल्द ही तापमान दोबारा चढ़ सकता है।
महाराष्ट्र के अन्य जिलों में हालात बिगड़े
-
पालघर, ठाणे, रायगढ़, सतारा, कोल्हापुर, सांगली और सोलापुर में भारी बारिश से जनजीवन ठप।
-
रेलवे ट्रैक डूबे, मेट्रो स्टेशन की फॉल्स सीलिंग गिरने की खबरें आई हैं।
-
लातूर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत, छह लोग घायल।
कर्नाटक और केरल में भारी नुकसान
-
कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश से ज़िंदगी प्रभावित, जहां पांच दिन का रेड अलर्ट जारी है।
-
केरल में चार लोगों की मौत, सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त।
-
वायनाड, कोझिकोड और इडुक्की में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
इतिहास में सबसे जल्दी मुंबई पहुंचा मानसून
IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर के मुताबिक, मानसून इस बार पिछले 75 वर्षों में सबसे जल्दी मुंबई पहुंचा है।
इतिहास में इससे पहले इतनी जल्दी मानसून सिर्फ 1956, 1962 और 1971 में पहुंचा था।