मोहाली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 3 अंतरराज्यीय चोरो के गिरोहों का पर्दाफाश

साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर में मोहाली पुलिस ने समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने 3 अंतरराज्यीय चोरो के गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 35 लाख रुपये का माल बरामद किया है। बरामदगी में 2 बोलेरो गाड़ियां, 7 एसी, सोने के 3 हार, 4 अंगूठियां, 1 जोड़ी बालियां, 545 ग्राम चांदी के गहने, 41 पीस रेमंड कपड़े, 72 लेडीज़ सूट और वारदातों में इस्तेमाल औजार शामिल हैं। एसएसपी हरमनदीप सिंह ने बताया कि 11 जून 2025 को लालड़ू के गुलमोहर सिटी और हरदेव नगर में घरों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी। इसी तरह, 10 अगस्त को लालड़ू मंडी की कपड़े की दुकान से चोरी और 8-9 अगस्त की रात मुबारकपुर के स्टोर से एसी चोरी की वारदातें हुईं। इन मामलों की जांच के लिए विशेष टीमें बनाई गईं, जिन्होंने तकनीकी साधनों और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया। पहली वारदात में अंबाला निवासी सुमित कुमार, निखिल उर्फ निखिल लहोरियां और करण भोल को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के गहने, औजार और चोरी में इस्तेमाल KTM बाइक बरामद की गई। दूसरे मामले में अंबाला के मंदीप सिंह उर्फ दीपा को पकड़ा गया, जिसके पास से चोरी की बोलेरो गाड़ी, रेमंड कपड़े, लेडीज़ सूट और औजार बरामद हुए। तीसरे मामले में सुरजीत सिंह उर्फ काला और जसविंदर सिंह उर्फ पिंचू को नकली नंबर प्लेट वाली बोलेरो पिकअप से गिरफ्तार किया गया। गाड़ी से 7 स्प्लिट एसी और औजार बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, इन गिरोहों के बेनकाब होने से मोहाली समेत अन्य जिलों की 8 वारदातों का खुलासा हुआ है। सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है और विभिन्न राज्यों में कई मामले दर्ज हैं।