मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने की “फिरोजपुर-पट्टी रेल परियोजना” की घोषणा

रेल मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण परियोजना को हरी झंडी दे दी है। फिरोजपुर से पट्टी नई रेलवे लाइन की घोषणा की गई है। बतादें पंजाब के लिए फिरोजपुर पट्टी रेल लिंक के रूप में 25.72 किलो मीटर लंबी नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है, इस परियोजना के लिए कुल 764 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसमें 166  करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण के लिए शामिल हैं।  इसमें भूमि अधिग्रहण के लिए 166 करोड़ रुपये रेलवे स्वयं वहन करेगा. जल्‍द ही इसका काम शुरू हो जाएगा. यह नई रेल लाइन कई शहरों के बीच दूर को कम करेगी.

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने की घोषणा

रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने बुधवार को इस परियोजना की घोषणा की। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया को बताया कि यह परियोजना न केवल आर्थिक बल्कि रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि इस नई रेलवे लाइन के अंतर्गत सतलुज नदी पर नया पुल भी बनेगा। इस लाइन के बनने से निर्यात के लिए पंजाब से राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के पोर्ट तक कनेक्टिविटी होगी।इसके बनने से फिरोजपुर और अमृतसर के बीच की दूरी 196 किलोमीटर से घटकर करीब 100 किलोमीटर रह जाएगी, जबकि जम्मू-फिरोजपुर-फाजिल्का-मुंबई कॉरिडोर की दूरी 236 किलोमीटर कम हो जाएगी.

गुजरात के बंदरगाहों से जुड़ेगा

इसके अलावा, यह रेलमार्ग सीमावर्ती जिले को सीधे गुजरात के बंदरगाहों से जोड़ने का कार्य करेगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। आर्थिक और सामाजिक लाभ की बात करें तो इस परियोजना से लगभग 10 लाख लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष फायदा होगा और करीब 2.5 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इसके साथ ही मालवा और माझा क्षेत्रों के बीच यह लाइन एक महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी,  माझा से मालवा के बीच कनेक्टिविटी के लिए 25.7 किमी. लंबा ट्रैक बनेगा।

पंजाब सीएम से हाथ जोड़कर की विनती

रवनीत बिट्टू ने कहा कि पंजाब में केंद्र की रेलवे परियोजनाओं का क्रेडिट सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान लें। क्योंकि पंजाब की सरकार ने उन्हें सूबे का मालिक बनाया है, इसके लिए मेरी सीएम से हाथ जोड़कर विनती है कि इन परियोजनाओं में पूरा सहयोग करें।  इसके साथ बिट्टू ने कहा कि मोदी ने पंजाब के बेटे को केंद्र में मंत्री बनाया है, मेरी पंजाबियों से विनती है कि मेरे इस पद पर होने का पूरा लाभ उठाएं, हम पंजाब को रेलवे नेटवर्क के मामले में बहुत मजबूत बनाना चाहते हैं। किसान जत्थेबंदियों से भी आग्रह है कि इन परियोजनाओं में हमारी पूरी मदद करें। मुख्यमंत्री अफसरों को दें निर्देश कि इस काम को सिरे चढ़ाने में देरी नहीं होनी चाहिए।