मेयर सौरभ जोशी ने जनता दरबार में सुनीं लोगों की समस्याएं

चंडीगढ़ नगर निगम ने लोगों की समस्याएं जल्दी सुलझाने के लिए नई पहल आज से जनता दरबार लगाने को लेकर की। बतादें सेक्टर-17 स्थित नगर निगम भवन की 5 मंजिल पर मेयर कार्यालय में सुबह 11 बजे लगाया गया जिसमे जनता का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

चंडीगढ़ के नव-निर्वाचित मेयर सौरभ जोशी के आने के पहले ही जनता दरबार में लोगों की इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि मेयर  सौरभ जोशी को दफ्तर छोड़कर बाहर आना पड़ा और पार्किंग में ही खड़े होकर लोगों की समस्याएं सुननी पड़ीं। मेयर कायार्लय में सुबह से ही बड़ी संख्या में शहर के विभिन्न इलाकों से लोग अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएं लेकर पहुंचने लगे। इस दौरान मेयर ने जनता के समस्याओं को प्रथमिकता देते हुए स्वागत के लिए लाए गए गुलदस्ते और मिठाइयों को लेने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आज स्वागत नहीं, आज जनता दरबार होगा।

मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि जनता दरबार केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी नियमित रूप से जनता दरबार लगाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। पहले ही दिन जनता दरबार में उमड़ी भारी भीड़ ने यह साफ कर दिया कि शहर की जनता को मेयर से बड़ी उम्मीदें हैं

जनता दरबार में लोगों ने सड़क, सीवरेज, पानी की सप्लाई, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्कों की बदहाली और मकान संबंधी शिकायतों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन दिये । मेयर सौरभ जोशी ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए और शिकायतों को तय समय सीमा में निपटाने का आश्वासन दिया।