नया साल आने वाला है इससे पहले ही श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है. माता वैष्णो देवी के दरबार में नववर्ष पर आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. नए नियम के मुताबिक अब RFID यात्रा कार्ड मिलने के बाद श्रद्धालुओं को 10 घंटे के अंदर अपनी यात्रा शुरू करनी होगी। बोर्ड का कहना है कि इसका मकसद श्रद्धालुओं को रोकना नहीं बल्कि उनकी यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाना है ताकि दर्शन बिना परेशानी के हो सकें।
ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं. बोर्ड का कहना है कि नववर्ष से पहले यात्रियों की संख्या में तेज इजाफा हो रहा है, जिससे ट्रैक पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए यह कदम जरूरी था. पहले RFID कार्ड मिलने के बाद यात्रा शुरू करने की कोई सख्त समय सीमा नहीं थी. श्रद्धालु अपनी सुविधा से कभी भी यात्रा शुरू कर सकते थे और दर्शन के बाद लौटने का भी कोई तय समय नहीं था. कई लोग भवन क्षेत्र में लंबे समय तक रुक जाते थे जिससे ट्रैक पर बहुत ज्यादा भीड़ हो जाती थी और बाकी यात्रियों को परेशानी होती थी.
RFID कार्ड के बाद समय की सीमा तय
नए नियम के मुताबिक अब RFID यात्रा कार्ड मिलने के बाद श्रद्धालुओं को 10 घंटे के अंदर अपनी यात्रा शुरू करनी होगी. इसके साथ ही दर्शन करने के बाद 24 घंटे के भीतर कटड़ा बेस कैंप लौटना भी जरूरी होगा. ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और सभी श्रद्धालुओं को इसका पालन करना होगा.
श्राइन बोर्ड ने साफ किया है कि यह नियम हर श्रद्धालु के लिए है. चाहे कोई पैदल यात्रा करे या हेलिकॉप्टर और बैटरी कार जैसी सुविधा का इस्तेमाल करे सभी को तय समय के अंदर यात्रा पूरी करनी होगी. रजिस्ट्रेशन सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर यात्री को इन नए नियमों के बारे में बार बार जानकारी दें.
श्राइन बोर्ड के अनुसार, न्यू ईयर से तीन चार दिन पहले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है. ट्रैक पर भीड़ ज्यादा होने से सुरक्षा और किसी भी इमरजेंसी में मदद पहुंचाना मुश्किल हो जाता है. इसी वजह से यह समय आधारित सिस्टम लागू किया गया है ताकि भीड़ को सही तरीके से संभाला जा सके.
रजिस्ट्रेशन सेंटर की टाइमिंग भी बढ़ी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कटड़ा रेलवे स्टेशन पर बना रजिस्ट्रेशन सेंटर अब रात 12 बजे तक खुला रहेगा. यह नया नियम भीड़ प्रबंधन से यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाएगा. ट्रैक पर जाम कम होगा, आपात स्थिति आने पर (बीमारी, मौसम खराब) रेस्क्यू आसान होगा।
Top Tags