भारत-इजरायल के बीच कई समझौते हुए..इजराइल में भारतीय UPI लागू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजराइल दौरे का आज दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को इजराइल दौरे पर पहुंचे थे। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे PM मोदी का एयरपोर्ट पर नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने स्वागत किया।  इस दौरान PM मोदी ने इजराइली संसद नेसेट को संबोधित किया और ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किए गए। वह नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।

PM मोदी आज सुबह यरूशलम स्थित होलोकॉस्ट स्मारक याद वाशेम पहुंचे, जहां उन्होंने नाजी शासन के दौरान मारे गए 60 लाख यहूदियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। राष्ट्रपति हर्जोग ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की सराहना की, वहीं पीएम मोदी ने उन्हें भारत आने का आमंत्रण दिया।

इजराइली PM नेतन्याहू और PM मोदी ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की

प्रेस कॉन्फ्रेंस में PM मोदी ने कहा “मेरे और भारतीय डेलीगेशन के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं PM नेतन्याहू का आभार व्यक्त करता हूं। 9 साल पहले मुझे इजराइल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय PM बनने के सौभाग्य मिला था। एक बार फिर इजराइल की ऐतिहासिक भूमि पर कदम रखना, मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है।”

भारत और इजराइल के बीच कई समझौते हुए

भारत औऱ इजराइल में कई समझौते हुए जिसमें डिजिटल भुगतान को लेकर बड़ा समझौता हुआ है। अब इजराइल में भी भारत का UPI पेमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। इस संबंध में पीएम मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय बैठक में सहमति बनी। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें व्यापार और रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के संकेत दिए गए।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र भारत-इजरायल साझेदारी का मजबूत आधार रहा है. पिछले साल हुए रक्षा समझौते के बाद अब दोनों देश मिलकर रिसर्च करेंगे, नई तकनीक विकसित करेंगे और हथियारों का संयुक्त उत्पादन भी बढ़ाएंगे.

PM मोदी ने कहा कि हम जल्द ही फ्री ट्रेड समझौते को अंतिम रूप देंगे. हमने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों की स्थापना करने का निर्णय लिया है.