दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ कई केंद्रीय मंत्रियों ने गुरुवार को ‘फ्लाइंग सिख‘ मिल्खा सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि दी.
दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का X पर पोस्ट
इस अवसर पर दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने X पोस्ट में उनको नमन करते हुए लिखा, “खेल के क्षेत्र में भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले, अदम्य संकल्प, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महान धावक ‘फ्लाइंग सिख’ पद्मश्री मिल्खा सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन. मिल्खा सिंह ने अपने अद्वितीय प्रदर्शन से विश्व पटल पर भारतीय ध्वज को शान से लहराया. उन्होंने संघर्ष, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम की अमर गाथा रचकर देश के करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया. भारत के इस महान सपूत का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को विजय की राह दिखाता रहेगा.”
यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने X पर पोस्ट
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारतीय खेल जगत के गौरव, ‘फ्लाइंग सिख’, ‘पद्म श्री’ मिल्खा सिंह को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि. उनके हर कदम में संघर्ष की गूंज थी, हर जीत में राष्ट्र का गौरव था. मिट्टी के ट्रैक से विश्व मंच तक पहुंचने की उनकी यात्रा ने दुनिया को यह सिखाया कि मेहनत ही सबसे बड़ा पदक है.”
राजस्थान के CM भजन लाल शर्मा ने X पर पोस्ट
इसके साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने एक्स पोस्ट में लिखा, “विश्वविख्यात धावक, फ्लाइंग सिख, पद्मश्री से सम्मानित मिल्खा सिंह की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! आपका सम्पूर्ण जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा है.”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा, “वैश्विक पटल पर मां भारती को अनेकों बार गौरवभूषित करने वाले महानतम धावक, ‘फ्लाइंग सिख’ नाम से प्रख्यात, ‘पद्मश्री’ मिल्खा सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन! राष्ट्र के प्रति आपकी निष्ठा और खेल के प्रति आपका अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहेगा.
तेज रफ़्तार के लिए फ्लाईंग सिख के नाम से जाने गएं
मिल्खा सिंह जिन्हें फ्लाईंग सिख के नाम से भी जाना जाता है । एक प्रसिद्ध भारतीय एथलीट थे जो अपनी तेज रफ़्तार के लिए फ्लाईंग सिख के नाम से जाने जाते थे। वे भारतीय सेना में भर्ती हुए और यहीं से उनकी एथलेटिक यात्रा शुरू हुई थी। इंडियन आर्मी की तरफ से ही वे भारत के लिए रेसिंग ट्रेक पर दौड़ते थे और मैडल जीतकर लाते थे।
उन्होंने 1958 के ब्रिटिश कॉमनवेल्थ में 400 मीटर दौड़ में अपनी अद्भुत क्षमता दिखाने और भारत के लिए गोल्ड लाने वाले पहले एथलेटिक्स होने के लिए भी याद किये जाते हैं। उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपने अद्भुत प्रदर्शन से विश्वभर में प्रसिद्धि प्राप्त की।
मिल्खा सिंह का जन्म 20 नवंबर 1929 को गोविंदपुरा, पंजाब जो (अब पाकिस्तान में है) हुआ था। लेकिन भारत-पाकिस्तान के विभाजन के बाद वे भारत आ गए थे। उनके जन्म स्थान और प्रारंभिक जीवन की कठिनाइयों ने उन्हें मजबूत और दृढ़ निश्चयी बनाया।
उनका जन्म एक सिख-जाट परिवार में हुआ था। मिल्खा सिंह का शुरूआती जीवन संघर्षों से भरा हुआ था। भारत -पाकिस्तान विभाजन के समय उनके पूरे परिवार की हत्या कर दी गयी थी लेकिन मिल्खा सिंह किसी तरह बचकर भागने में कामयाब रहे और फिर इतने तेज़ भागे कि “फ्लाईंग सिख” के नाम से मशहूर हुए।
“भाग मिल्खा भाग” मूवी बनीं
मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म “भाग मिल्खा भाग” 2013 में रिलीज़ हुई। फरहान अख्तर ने इस मूवी में मुख्य किरदार निभाया और उनकी जिंदगी के संघर्षों और उपलब्धियों को बड़े पर्दे पर बखूबी दिखाया। यह मूवी ना सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर हुई ।
Top Tags