“मास्टर का बेटा बताने वाले भूले अपनी मर्यादा”…परगट सिंह का CM मान पर तंज

पंजाब किसानों और शिक्षकों पर लाठीचार्ज को लेकर पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने CM मान पर कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि CM मान पंजाब के शिक्षकों  और किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रहे हैं। परगट सिंह ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों और किसानों पर हुए लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को मास्टर का बेटा बताने वाले मुख्यमंत्री अब अपनी मर्यादा भूल चुके हैं और पंजाब के शिक्षकों व किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रहे हैं।

परगट सिंह ने कहा कि शिक्षक और किसान शांतिपूर्ण तरीके से मार्च और धरना प्रदर्शन कर रहे थे, इसके बावजूद उन पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया। उन्होंने इसे सरकार की कमजोरी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को बल प्रयोग से दबाना गलत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने 28 जुलाई 2023 को 12,710 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र तो सौंपे, लेकिन दो साल बीत जाने के बावजूद उन्हें पक्के मुलाजिमों का वेतनमान और अन्य सेवा लाभ नहीं दिए गए हैं। न तो उन्हें टीए, मेडिकल रिइम्बर्समेंट और न ही ग्रुप इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं मिली हैं।

परगट सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण मार्च के दौरान मोहाली से चंडीगढ़ तक कई जगह शिक्षकों को रोका गया और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई सिख शिक्षकों की पगड़ियां उतर गईं। लाठीचार्ज में तीन महिला शिक्षकों समेत पांच लोग घायल हुए।

उन्होंने बठिंडा में किसानों पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि यह आम आदमी पार्टी का दोहरा चेहरा है, जो अब जनता के सामने उजागर हो चुका है।