महर्षि कश्यप जयंती समारोह में मुख्यमंत्री सैनी की बड़ी घोषणाएं — समाज के उत्थान की नई पहल!

चंडीगढ़, 23 मई: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में आयोजित राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह में भाग लेते हुए महर्षि कश्यप और कश्यप समाज को समर्पित कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक सरकारी संस्थान का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ इस महान ऋषि के योगदान से प्रेरणा ले सकें।

मुख्यमंत्री ने लाडवा में एक चौंक का नाम भी महर्षि कश्यप के नाम पर रखने की घोषणा की। इसके अलावा, लाडवा, कुरुक्षेत्र या इंद्री में कश्यप राजपूत धर्मशाला की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने की भी बात कही गई। उन्होंने तीर्थ स्थलों कुरुक्षेत्र और कपाल मोचन में पहले से स्थापित धर्मशालाओं के विस्तार के लिए प्रत्येक को 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

महर्षि कश्यप – भारतीय संस्कृति का आध्यात्मिक प्रकाशस्तंभ

मुख्यमंत्री सैनी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “महर्षि कश्यप भारतीय ज्ञान परंपरा के ऐसे ऋषि थे, जिन्होंने तप, अनुसंधान और स्मृति ग्रंथों के माध्यम से समाज को दिशा दी। ‘कश्यप संहिता’ जैसे ग्रंथ आज भी चिकित्सा और जीवन शैली के लिए मार्गदर्शक हैं। उनका जीवन मानवता के लिए एक प्रेरणास्रोत है।”

उन्होंने कहा कि कश्यप समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है। रामायण काल में राजा निषाद और भगवान राम के मध्य मित्रता इसका उदाहरण है। उन्होंने आज़ादी के आंदोलन में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

सामाजिक कल्याण की दिशा में राज्य सरकार की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने को प्रतिबद्ध है। ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ के अंतर्गत समाज के आदर्श पुरुषों के विचारों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछड़े वर्गों के छात्रों को शैक्षणिक संस्थानों में 27% आरक्षण दिया जा रहा है, और क्रीमी लेयर की आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई है। गरीबों के उत्थान के लिए ‘मिशन अंत्योदय’ के तहत लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं।

देश की रक्षा में साहसिक कदमों का ज़िक्र

अपने संबोधन में श्री सैनी ने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवादियों और उनके संरक्षकों को मुँहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा, “जिसने भी हमारे निर्दोष नागरिकों पर हमला किया, उसकी ज़मीन अब मिट्टी में मिला दी गई है। भारतीय सेना का पराक्रम और आधुनिक तकनीक से लैस रणनीति आज पूरी दुनिया को हैरान कर रही है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि कश्यप समाज, प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को “विकसित राष्ट्र” बनाने के लक्ष्य में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

समाज के प्रतिनिधियों ने जताया आभार

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक श्री रामकुमार कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप का योगदान केवल आध्यात्मिक नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत मूल्यवान रहा है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पंच प्यारे, भाई हिम्मत सिंह कश्यप, इसी समाज की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा थे।

वहीं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है, और मुख्यमंत्री सैनी समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं।

विशिष्ट अतिथि और गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस भव्य समारोह में विधायक जगमोहन आनंद, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, बीजेपी जिला अध्यक्ष तेजिंदर गोल्डी, कश्यप समाज के प्रमुख प्रतिनिधि और अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।