चौधरी देवीलाल की जयंती पर जेजेपी का प्रदेशव्यापी कार्यक्रम”

चंडीगढ़, 25 सितंबर। जननायक चौधरी देवीलाल की 112वीं जयंती को जननायक जनता पार्टी ने प्रदेशभर में मनाया। जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल एक व्यक्ति न होकर बल्कि सामाजिक संस्था थे, जिससे जीवन के मूल्य और आदर्श सीखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने बिना भेदभाव सभी वर्गों को लाभान्वित करने के लिए कार्य किए और इनमें सबसे प्रमुख बुजुर्गों के लिए सामाजिक सम्मान पेंशन लागू कर देश में एक नई पहल की, जिसे आज देश के अनेक राज्य अपना रहे है।

 

अजय चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने ताउम्र जनकल्याण की सोच रखी और जननायक जनता पार्टी उनके आदर्शों व सिद्धांतों के अनुरूप जनकल्याण के कार्यों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि चौ देवीलाल जयंती पर जेजेपी की ओर से प्रदेशभर में 112 सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और उन्हें नमन करते हुए याद किया गया। साथ ही जेजेपी द्वारा चौधरी देवीलाल के संघर्ष के साथियों को भी प्रदेशभर में सम्मानित किया गया। दिल्ली स्थित संसद भवन में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व अन्य जेजेपी नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि चौ देवीलाल ने भारत की प्रगति के लिए अनेक जनहितैषी बदलाव किए और देश को नई दिशा दी। वहीं दिल्ली की जेजेपी कार्यकारिणी के अनेक वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष दिनेश डागर ने राष्ट्रीय कृषि विज्ञान पूसा में जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर जाकर उन्हें नमन किया।