‘कानून–व्यवस्था फेल, बिजली महंगी, किसान-छात्र-युवाओं में विस्फोटक गुस्सा’ – चौटाला का भाजपा सरकार को अल्टीमेटम!

चंडीगढ़, 30 जून: हरियाणा की मौजूदा सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हरियाणा की जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है और उनकी लापरवाही का नतीजा यह है कि प्रदेश की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

उन्होंने कहा कि आज राज्य में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि वे दिनदहाड़े हथियार लहराकर आम लोगों में डर फैलाने लगे हैं, और पुलिस प्रशासन तमाशबीन बना हुआ है। दिग्विजय ने हाल ही में सामने आए एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से जींद से सोनीपत जा रही रोडवेज बस के सामने एक व्यक्ति ने खुलेआम पिस्तौल लहराई, वह सरकार की असफलता का साफ संकेत है। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ एक उदाहरण है, ऐसे कई मामले हैं जो यह दर्शाते हैं कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे है।

दिग्विजय चौटाला ने आबकारी नीति पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शराब ठेकों की बिक्री में आई गिरावट के कारण सरकार को भारी राजस्व घाटा हो रहा है, और इस नुकसान की भरपाई के लिए आम जनता पर बिजली दरों में इजाफा करके बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की सुरक्षा और विकास को नजरअंदाज कर, केवल ठेकों के विवाद निपटाने में व्यस्त हैं, जबकि ठेकेदार तक अब असुरक्षा के कारण काम से पीछे हट रहे हैं।

खेती और किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए दिग्विजय ने डीएपी (खाद) की किल्लत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज हालात यह हो चुके हैं कि खाद लेने के लिए किसानों को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, और सरकार ने किसानों को खाद बांटने के लिए पुलिस तक लगा दी है। यह दर्शाता है कि सरकार की प्राथमिकताओं में किसान कहीं नहीं हैं।

दिग्विजय चौटाला ने हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के छात्रों द्वारा आगामी 2 जुलाई को प्रस्तावित आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार को चेताया कि छात्र आंदोलन की परीक्षा न लें। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले छात्रों से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं किए और अब यदि छात्र सड़कों पर उतरते हैं, तो इसके लिए पूरी तरह से सरकार जिम्मेदार होगी। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की समस्याओं पर बात करेंगे और उनकी आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की बार-बार रद्द हो रही भर्तियों और लंबित मामलों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है और भाजपा सरकार रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है।

अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दिग्विजय ने कहा कि जब जेजेपी सरकार में थी, तब हर वर्ग और क्षेत्र के लिए योजनाएं शुरू की गई थीं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार में एलिवेटेड रोड के लिए 750 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत करवाई थी, जिसे मौजूदा भाजपा सरकार ने रोक दिया है। इससे यह साफ है कि वर्तमान सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं है।

दिग्विजय ने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद अंदरूनी मतभेदों से जूझ रही है और जनता के मुद्दों पर विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश को एक नई दिशा देने की ज़रूरत है और इसके लिए युवाओं को आगे आकर जेजेपी से जुड़ना चाहिए।

हिसार में ‘युवा जोड़ो अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर जननायक जनता पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं और युवाओं को संगठित करें। उन्होंने कहा कि जेजेपी का युवा संगठन आने वाले समय में हरियाणा के नवनिर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा। कार्यक्रमों के दौरान कई युवा नेताओं ने जेजेपी की सदस्यता ली और पार्टी के साथ काम करने का संकल्प लिया।