जियो स्टूडियोज़ ने सिख्या एंटरटेनमेंट में लिया 50% से अधिक हिस्सा

रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के जियो स्टूडियोज़ ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। रिलायंस की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रिलायंस स्ट्रैटेजिक बिज़नेस वेंचर्स लिमिटेड ने ऑस्कर विजेता प्रोडक्शन हाउस “सिख्या एंटरटेनमेंट” में 50.1 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। यह सौदा 150 करोड़ रुपये के नकद निवेश के जरिए 2 फरवरी 2026 को पूरा हुआ।

इस साझेदारी के साथ “जियो स्टूडियोज़” ने मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में अपनी पकड़ और मज़बूत कर ली है। जियो स्टूडियोज़ बीते कुछ वर्षों में भारतीय कंटेंट इंडस्ट्री का बड़ा नाम बनकर उभरा है। धुरंधर, लापता लेडीज़ और स्त्री फ्रैंचाइज़ी जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस और क्रिटिक्स दोनों के बीच खास पहचान बनाई है।

वहीं, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन द्वारा स्थापित  “सिख्या एंटरटेनमेंट”  भारतीय कहानियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए जाना जाता है। सिख्या एंटरटेनमेंट भारत का इकलौता प्रोडक्शन हाउस है जिसने ऑस्कर और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दोनों जीते हैं। द एलीफेंट व्हिस्परर्स और पीरियड. एंड ऑफ सेंटेंस. जैसी डॉक्यूमेंट्रीज़ ने भारत को ऑस्कर मंच पर गौरवान्वित किया है।

इस साझेदारी पर जियो स्टूडियोज़ की प्रेसिडेंट ज्योति देशपांडे ने कहा कि सिख्या एंटरटेनमेंट की कहानियां भारतीय होने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर दर्शकों से जुड़ती हैं। वहीं, गुनीत मोंगा कपूर ने इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक नया अध्याय बताया।

 जियो स्टूडियोज़ और सिख्या एंटरटेनमेंट की यह साझेदारी आने वाले समय में भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।