मुंबई, 3 मार्च 2026: जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) ने अपने अंतरराष्ट्रीय कारोबार को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डैन बेली को कंपनी का प्रेसिडेंट नियुक्त किया है। कंपनी के मुताबिक, बेली जियो के इंटरनेशनल बिजनेस इनिशिएटिव्स का नेतृत्व करेंगे और लंदन से काम करते हुए रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी को रिपोर्ट करेंगे।
टेलीकॉम, टेक्नोलॉजी और निवेश बैंकिंग क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले डैन बेली इससे पहले डॉयचे बैंक के TMT (टेक्नोलॉजी, मीडिया और टेलीकॉम) प्रैक्टिस के चेयरमैन रह चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने वैश्विक स्तर पर कई बड़े कॉरपोरेट्स और निवेशकों को रणनीतिक सौदों और टेलीकॉम सेक्टर के महत्वपूर्ण ट्रांजैक्शंस पर सलाह दी है। जियो प्लेटफॉर्म्स की एग्जीक्यूटिव कमेटी में शामिल होकर वह कंपनी की व्यापक रणनीतिक योजनाओं में भी योगदान देंगे।
आकाश अंबानी ने कहा कि डैन बेली लंबे समय से कंपनी के भरोसेमंद सलाहकार रहे हैं और वैश्विक टेलीकॉम एवं टेक इकोसिस्टम की गहरी समझ के साथ जियो में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं डैन बेली ने कहा कि भारत में जियो द्वारा बनाए गए स्केल और प्रभाव ने उन्हें हमेशा प्रभावित किया है और इस कहानी को वैश्विक स्तर तक ले जाना एक महत्वपूर्ण अवसर है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह नियुक्ति जियो की उस रणनीति की ओर इशारा करती है जिसमें कंपनी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, तकनीकी क्षमताओं और साझेदारियों के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दीर्घकालिक उपस्थिति बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
Top Tags