रेल यात्रियों को झटका: 1 जुलाई से बढ़ गया रेल किराया, जानिए किसे पड़ेगा असर और कैसे?

चंडीगढ़, 1 जुलाई: अगर आप ट्रेन से सफर करने जा रहे हैं, तो अब अपनी यात्रा की योजना बनाते वक्त आपको टिकट की कीमत पर थोड़ा और ध्यान देना होगा। भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई 2025 से देशभर में चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी कर दी है। यह बदलाव खासकर लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को जेब पर असर डालने वाला है।

आइए जानें विस्तार से, क्या बदला है, किन ट्रेनों पर असर पड़ा है और यात्रियों को अब क्या ध्यान में रखना चाहिए।

किराए में क्या-क्या बदला है?

रेलवे बोर्ड की सिफारिश पर केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद, नई किराया व्यवस्था अब देशभर में लागू हो गई है। इस बदलाव के अंतर्गत:

  • मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-AC (जनरल/स्लीपर) कोच में सफर करने वाले यात्रियों को अब 1 पैसा प्रति किलोमीटर अधिक चुकाना होगा।

  • AC कोच में यात्रा करने वालों के लिए किराया 2 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ा दिया गया है।

  • सुपरफास्ट ट्रेनों के लिए भी 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी तय की गई है।

  • हालांकि, जो यात्री 500 किलोमीटर तक की यात्रा कर रहे हैं, उन्हें इस बढ़ोतरी से कोई असर नहीं झेलना पड़ेगा।

कौन-कौन सी ट्रेनें होंगी इस बदलाव से प्रभावित?

बढ़ा हुआ किराया देश की लगभग सभी प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में लागू किया गया है। इनमें शामिल हैं:

  • शताब्दी एक्सप्रेस

  • राजधानी एक्सप्रेस

  • वंदे भारत एक्सप्रेस

  • तेजस, दुरंतो, हमसफर और गरीब रथ

  • अंत्योदय, महामना, गतिमान, जनशताब्दी और युवा एक्सप्रेस

  • अमृत भारत ट्रेनें और अनुभूति कोच सहित AC विस्टाडोम कोच

नया किराया इन ट्रेनों के सभी कोच प्रकार – जनरल, स्लीपर, थर्ड AC, सेकंड AC, फर्स्ट क्लास और अन्य कैटेगिरी पर समान रूप से लागू किया गया है।

किस बात पर कोई बदलाव नहीं हुआ?

  • रिजर्वेशन चार्ज,

  • सुपरफास्ट सरचार्ज,

  • और GST दरें – इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
    यानी, ये अतिरिक्त शुल्क पहले जैसे ही रहेंगे।

पहले से बुक टिकट वालों के लिए क्या नियम है?

अगर आपने अपनी ट्रेन यात्रा का टिकट 1 जुलाई 2025 से पहले बुक कर लिया है, तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है।

  • पुराना किराया ही मान्य रहेगा।

  • 1 जुलाई के बाद की नई बुकिंग पर ही बढ़ा हुआ किराया लागू होगा।

यात्रियों को जानकारी कैसे दी जा रही है?

रेल मंत्रालय ने रेलवे स्टेशनों को कुछ खास निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों को नए किराया सिस्टम के बारे में समय रहते जानकारी मिल सके:

  • रेलवे स्टेशनों पर घोषणा प्रणाली (announcement system) के जरिए सूचित किया जाएगा।

  • किराया चार्ट अपडेट कर स्टेशनों पर चस्पा किया जाएगा, ताकि यात्री उसे देखकर नई दरें समझ सकें।

मासिक और तिमाही पास धारकों के लिए राहत की खबर

  • जो यात्री महीने या तीन महीने की पास/कार्ड सुविधा लेते हैं, उनके लिए फिलहाल कोई किराया वृद्धि नहीं की गई है

  • वे अपनी यात्रा पुरानी दरों पर ही कर पाएंगे।

राउंड फिगर में होगा भुगतान

  • नई किराया दरें पैसे में तय की गई हैं, लेकिन यात्रियों से राउंड फिगर में राशि वसूली जाएगी।
    उदाहरण:
    अगर किसी रूट पर नया किराया ₹5.04 है, तो यात्री से ₹6 लिए जाएंगे।