हम सब जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण को कुछ खास भोग लगाना चाहते हैं जिससे भगवान कृष्ण जल्दी ही खुश हो जायें अगर आप भी ऐसा ही चाहतें है तो उन्हें धनिया की पंजीरी का भोग जरूर लगाएं। यह उन्हें अति प्रिय होती है। तो चलिए आज आपको बताते धनिया की पंजीरी बनाने की विधि। वैसे तो जन्माष्टमी में छप्पन भोग लगाने का विशेष महत्व होता है, लेकिन इस दिन भगवान कृष्ण को धनिया की पंजीरी (Dhaniya ki Panjiri) का भोग जरूर लगाया जाता है। धनिया पंजिरी एक भारतीय मिठाई है, जिसे प्रसाद के रूप में जन्माष्टमी के त्योहार के लिए बनाया जाता है। यह पौष्टिक व्यंजन घी और मेवे से भरा हुआ है। इसमें धनिया के पाउडर का उपयोग किया जाता है। ये एक ग्लूटन फ्री स्वीट डिश है। धनिया की पंजीरी बनाने की प्रक्रिया लगभग नियमित पंजीरी बनाने की तरह ही होती है और पूजा के बाद इसे पंचामृत के साथ परोसा जाता है।
सबसे पहले जानिए क्यों भगवान कृष्ण को चढ़ाई जाती है धनिया की पंजीरी
भगवान कृष्ण को धनिया से बनीं पंजीरी बहुत पसंद आती है और इसका भोग लगाने से वो अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। इतना ही नहीं जन्माष्टमी का त्योहार वर्षा ऋतु में आता है। ऐसे में वात, कफ, पित्त इन चीजों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में धनिया इन सारी चीजों से हमारा बचाव करता है। धनिया में कई ऐसे गुण पाए जाते हैं जो हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं और हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
धनिया की पंजीरी बनाने की विधि
¼ कप घी
10-12 काजू
10-12 बादाम
½ कप मखाना
2 कप धनिया पाउडर
½ कप कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल
½ कप पिसी चीनी
विधि– धनिया पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में मध्यम आंच पर 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें। घी के गरम होते ही इसमें काजू और बादाम डाल कर हल्का ब्राउन होने तक भून लीजिए। इन्हें एक बाउल में निकाल कर एक तरफ रख दें। उसी पैन में मखाना डालकर क्रिस्पी होने तक भूनें और हल्का क्रश करें। अब पैन में बचा हुआ घी डालें। घी के पिघलने पर कढ़ाई में धनियां पाउडर डाल कर मध्यम-धीमी आंच पर ब्राउन होने तक भूनिए। इसे बार-बार चलाते जाएं। अच्छी तरह से नहीं भुने तो यह मुंह में कड़वा स्वाद छोड़ देग।
– धनिया भूनने के बाद इसमें भुने हुए मेवे डालें और अच्छी तरह मिलाएं। पैन को आंच से हटा लें और मिश्रण को पूरी तरह से ठंडा होने दें।
– ठंडे मिश्रण में सूखा नारियल और पिसी चीनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और तैयार पंजीरी में तुलसी का पत्ता डालकर भगवान कृष्ण को भोग लगाएं।
इस तरह आप धनिया पंजीरी को तैयार कर सकते है जो भगवान कृष्ण का पंसदीदा भोग है,, न्यूज पिडीया 24
Top Tags