हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार तीन गुणा रफ्तार से करेगी काम!

चंडीगढ़, 28 फरवरी: मुख्यमंत्री वीरवार को कैथल के सीवन, कलायत और पूंडरी में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की नियत, नीति और एजेंडा पूरी तरह स्पष्ट है, जिसकी बदौलत प्रदेश में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास की गति तीन गुणा तेज हो जाएगी।

उन्होंने ये भी कहा कि 100 दिन के कार्यकाल में सरकार ने 18 बड़े वादे पूरे कर लिए हैं और 10 अन्य वादे जल्द ही पूरे किए जाएंगे।
जनहित में लिए कई ऐतिहासिक फैसले
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने जनता की भलाई के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनमें शामिल हैं:
•मेडिकल कॉलेज और पीजीआई में मुफ्त डायलिसिस सुविधा
•पट्टेदार किसान परिवारों को मालिकाना हक प्रदान किया गया
•20 साल से पंचायती भूमि पर रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने के लिए विधानसभा में कानून पास किया
•15 लाख महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है
•हरियाणा पहला राज्य बना जहां सभी फसलों को शत-प्रतिशत एमएसपी पर खरीदा जा रहा है
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में तीन गुना तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा पर झूठे आरोप लगाना उनकी आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि यमुना के पानी को लेकर दिल्ली सरकार ने अफवाह फैलाई, लेकिन हरियाणा की जनता सच्चाई जानती है। मुख्यमंत्री ने खुद यमुना में जाकर पानी पिया और झूठ फैलाने वालों को जनता ने जवाब दे दिया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “कांग्रेस नेता अब ट्वीट मास्टर बन गए हैं।” उन्हें ज़मीन पर हो रहे विकास कार्य नहीं दिखते, बल्कि वे केवल ट्वीट कर जनता को गुमराह करने में लगे रहते हैं।
हरियाणा में तेजी से बढ़ेगा विकास
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि डबल इंजन सरकार पहले ही तेजी से विकास कर रही थी, और अब ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्य तीन गुना रफ्तार से होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा को 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिंदल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।