चंडीगढ़, 2 जुलाई: जिला प्रशासन मानसून के मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने सोमवार को जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और स्पष्ट रूप से कहा कि इस मौसम में कोई भी अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाह नहीं हो सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि काम में कोताही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाढ़ नियंत्रण और राहत उपायों की समीक्षा
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने बाढ़ नियंत्रण, नालों की सफाई, आपदा प्रबंधन और राहत सामग्री की उपलब्धता जैसे अहम मुद्दों पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह समय बेहद संवेदनशील है और किसी भी तरह की चूक जनहानि और संपत्ति के नुकसान का कारण बन सकती है।
सभी विभाग रहें चौकस, तैयारियां रहें मुकम्मल
मोनिका गुप्ता ने सिंचाई विभाग को आदेश दिया कि वे नदियों और नालों के जलस्तर की नियमित रिपोर्टिंग करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। जिन इलाकों में नालों की सफाई अब तक पूरी नहीं हुई है, वहां कार्य को तुरंत पूरा करने को कहा गया है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी अधीक्षण अभियंता और कार्यकारी अभियंता अपने विभागीय कार्यों की स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें और जिन क्षेत्रों में जलभराव की संभावना है, वहां सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और नाके लगाए जाएं।
खतरे वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रोकी जाएगी
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में आम जनता को नदी-नालों से दूर रहने की सख्त सलाह दी जानी चाहिए। उन्होंने सिंचाई और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जो स्थान अधिक खतरनाक हैं वहां चेतावनी बोर्ड और गश्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने खेडा और सीताराम इलाकों में सैंड बैग्स लगाने, कीरतपुर में नदी के रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और अन्य एहतियाती उपायों की समीक्षा की।
कुछ मुख्य निर्णय:
-
श्याम-2 टू अमराला ब्रिज और टांगरी पुल (साइट नंबर 53) पर बारिश के मौसम में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
-
पहाड़ी क्षेत्रों जैसे मोरनी, रायपुररानी और थापली में भूस्खलन और सड़क कटाव की स्थिति में पीडब्ल्यूडी की मशीनें तैनात रहेंगी।
-
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सांप के काटने के इंजेक्शन और अन्य आपात दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
-
गौशालाओं में पशुओं के लिए चारा और दवाइयों का स्टॉक तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
-
पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने के आदेश बिजली और नगर निगम विभाग को दिए गए हैं।
हर आपदा के लिए रहें तैयार: उपायुक्त का संदेश
मोनिका गुप्ता ने कहा कि प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य है कि मानसून के दौरान जनता को किसी भी असुविधा या खतरे से बचाया जाए। इसके लिए हर विभाग को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सिर्फ कागज़ों पर नहीं, जमीन पर तैयारियां दिखनी चाहिए।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, डीसीपी सृष्टि गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अपराजिता, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम संयम गर्ग, नगराधीश विश्वनाथ, डीआरओ कुलदीप सिंह समेत सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Top Tags