केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज गुरुवार,5 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंच रहे हैं। इस दौरे के दौरान गृह मंत्री शाह प्रदेश के मौजूदा सुरक्षा हालात और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही वे सीमावर्ती इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा भी लेंगे।
दौरे के पहले दिन अमित शाह विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे और कुछ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दौरे की जानकारी देते हुए कहा है कि गृह मंत्री के साथ जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर आमने-सामने चर्चा होगी, जिसमें विकास से जुड़े मुददे रहेंगे।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर के लालचौक सहित कई संवेदनशील इलाकों और उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया है।
दोपहर बाद गृह मंत्री उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक कर प्रदेश के सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। शनिवार को वे जम्मू से श्रीनगर जाएंगे, जहां विकास योजनाओं का उद्घाटन करेगे और अहम बैठकों के बाद वे रायपुर के लिए रवाना होंगे।
Top Tags