हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मुख्यमंत्री सैनी ने कलम के सिपाहियों को किया सलाम!

चंडीगढ़, 30 मई: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक जागरूकता के निर्माण में मीडिया की भूमिका अतुलनीय और ऐतिहासिक रही है। स्वतंत्रता संग्राम के दिनों से लेकर आज तक पत्रकारिता ने राष्ट्र की दिशा और दशा तय करने में जो योगदान दिया है, वह वास्तव में गौरवपूर्ण है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में आयोजित ‘हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स’ के वार्षिक अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं और पत्रकारों को “कलम के प्रहरी” कहकर नमन किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का कार्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज की सोच को दिशा देना भी है। जो पत्रकार अपने लेखन को समाज और देश के हित में लगाते हैं, वे वास्तव में राष्ट्र निर्माण के सच्चे भागीदार होते हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माने जाने वाले मीडिया की स्वतंत्रता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। एक सशक्त, निर्भीक और स्वतंत्र मीडिया ही लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कर सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उस सोच की सराहना की जिसमें मीडिया को राष्ट्रहित में कार्य करने वाला एक सकारात्मक और रचनात्मक माध्यम माना गया है।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने अपने संबोधन में पत्रकारों को महर्षि नारद मुनि का वंशज बताते हुए कहा कि पत्रकारिता का धर्म है – सत्य के पक्ष में खड़ा होना। उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन केवल हिंदी पत्रकारिता को समर्पित नहीं है, बल्कि यह दिन हमारे पंचम गुरु, श्री गुरु अर्जन देव जी के बलिदान को भी याद करने का अवसर है। धर्म और सत्य की रक्षा के लिए उन्होंने जो त्याग किया, वह सभी के लिए प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आज वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहा है और इस यात्रा में मीडिया का मार्गदर्शक योगदान है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे मीडिया स्वतंत्रता के साथ कार्य कर सके।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस मौके पर यह घोषणा की कि हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स को राज्य सरकार की ओर से 21 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यूनियन द्वारा उठाई गई मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने और लाभार्थियों तक उन्हें सुलभ बनाने में मीडिया की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से नैतिक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और निष्पक्ष रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा, पूर्व मंत्री श्री मनीष ग्रोवर और बाबा कपिलपुरी जी महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई और इसे एक गरिमामय समारोह का रूप दिया गया।

इस समारोह में रोहतक नगर निगम के महापौर रामअवतार बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, मण्डल आयुक्त पी.सी. मीणा, एडीजीपी वाई पूर्ण कुमार, उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।