Himachal Pradesh- बारिश बनी बाधा: HPU ने टालीं आज की सभी परीक्षाएं!

चंडीगढ़, 30 जून: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर कहर बरपाया है। प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने एक बड़ा निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार, 30 जून 2025 को प्रस्तावित सभी स्नातकोत्तर डिग्री व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इनमें सुबह व दोपहर दोनों सत्रों की परीक्षाएं शामिल थीं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर महावीर सिंह और प्रो-वाइस चांसलर प्रोफेसर राजेंद्र वर्मा के निर्देशों के अनुसार यह निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर श्याम लाल कौशल द्वारा इस बाबत एक आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की गई है।

अधिसूचना में कहा गया है कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, क्योंकि राज्य के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नदियां उफान पर हैं, कई सड़क मार्ग बाधित हो चुके हैं और कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन की भी खबरें आ रही हैं। ऐसे में छात्रों व परीक्षा स्टाफ की आवाजाही असुरक्षित हो सकती थी।

प्रो. कौशल ने यह भी जानकारी दी कि जो परीक्षाएं आज स्थगित की गई हैं, उनकी नई तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट्स देखते रहें, ताकि किसी भी प्रकार की जानकारी से वे अनभिज्ञ न रहें।

इस निर्णय के पीछे विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता छात्रों की सुरक्षा और समग्र हितों की रक्षा करना है। यह स्पष्ट है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता और परिस्थितियां अनुकूल नहीं बनतीं, तब तक विश्वविद्यालय कोई भी परीक्षा आयोजित करने के पक्ष में नहीं है।