A.K. सिंह की अध्यक्षता में पंचकूला विकास कार्यों का हाई-लेवल मंथन

पंचकूला 27 नवंबर- पंचकूला के विकास को और गति मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने आज पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम पंचकूला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की । उन्होंने अधिकारियों से मिलकर काम करने का आग्रह किया, ताकि पंचकूला को नागरिकों के लिए एक बेहतर और आधुनिक शहर बनाया जा सके।
सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए  ए.के. सिंह ने स्पष्ट किया कि पंचकूला के विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। विभिन्न विभागों, विकास प्राधिकरणों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  ए.के. सिंह को जिला पंचकूला के विकास मामलों का इंचार्ज नियुक्त किया गया है।

विकास के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा

एक घंटे से ज्यादा चली बैठक में विकास के प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला के मुख्य प्रशासक चंद्रशेखर खरे, नगर निगम आयुक्त आर.के. सिंह, उपायुक्त सतपाल शर्मा और पीएमडीए के अतिरिक्त  सीईओ  विनय कुमार मौजूद थे।

 ए.के. सिंह ने विभिन्न विभागों के बीच तालमेल के महत्व पर जोर दिया

विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल और सामजस्य के महत्व पर जोर देते हुए ए.के. सिंह ने अधिकारियों को अगले दो दिनों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम, पंचकूला द्वारा पीएमडीए को सौंपे जाने वाले विकास कार्यों और संपत्तियों का ब्यौरा उन्हें सौंपने के निर्देश दिए।  नगर निगम ने कुल 30.84 किलोमीटर लंबाई वाली 38 सड़कें और एचएसवीपी ने 16.35 किलोमीटर लंबाई वाली 20 सड़कें पीएमडीए को सौंप दी हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सर्विस रोड का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड आदि का पूरा रिकॉर्ड भी पीएमडीए को स्थानांतरित किया जाए।
बैठक में एचएसवीपी के मुख्य अभियंता आदिया शर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजीव शर्मा, अधीक्षक अभियंता अशोक राणा और पवन वर्मा के अलावा पीएमडीए, एचएसवीपी और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।