हरियाणा का बजट,जनता की भागीदारी से तैयार होगा- CM सैनी

चंडीगढ़, 22 जनवरी — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज वीरवार को कुरुक्षेत्र में  विभिन्न संगठनों के साथ आयोजित बजट-पूर्व परामर्श बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम भी विशेष रूप से  मौजूद रहे। बैठक में समाज के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, स्वदेशी जागरण मंच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, अधिवक्ता परिषद, विश्व हिंदू परिषद, क्रीड़ा भारती सहित अन्य प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित बजट से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए।

  

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह किसी एक सरकार या किसी चुनावी एजेंडे का बजट नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख नागरिकों का बजट है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए ऐसा बजट तैयार करना है, जो राज्य के समग्र और संतुलित विकास को गति प्रदान करे।

मुख्यमंत्री सैनी ने बजट-पूर्व परामर्श प्रक्रिया को लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण और सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि किसानों, श्रमिकों, युवाओं, अधिवक्ताओं, शिक्षा, खेल एवं सामाजिक संगठनों से प्राप्त सुझावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी से तैयार यह बजट हरियाणा को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।