हरियाणा में युवाओं के लिए बड़ा अवसर: अब ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग डिग्रीधारक बन सकेंगे वर्क्स कॉन्ट्रैक्टर, शुरू हुई ‘सक्षम युवा योजना’!

चंडीगढ़, 17 जुलाई: हरियाणा सरकार ने इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और ITI योग्यता रखने वाले बेरोजगार युवाओं को एक बड़ा अवसर देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा कॉन्ट्रैक्टर सक्षम युवा योजना’ के शुभारंभ की घोषणा की है, जिसके तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये युवा हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल (HEWP) पर सूचीबद्ध होकर वर्क्स कॉन्ट्रैक्टर के रूप में सरकारी परियोजनाओं में भाग ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह जानकारी हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का उद्देश्य शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में सक्षम बनाना है।

90 दिन का प्रशिक्षण और फिर कॉन्ट्रैक्टर के रूप में नई शुरुआत

सरकार द्वारा तय किया गया है कि योजना में शामिल होने वाले युवाओं को पहले 90 दिनों का तकनीकी और प्रशासनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, पलवल में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें HEWP पर पंजीकृत किया जाएगा, जहां वे राज्य सरकार की विभिन्न इंजीनियरिंग परियोजनाओं में वर्क्स कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर कार्य कर सकेंगे।

योजना के तहत https://stt.itiharyana.gov.in पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

हरियाणा सरकार की प्राथमिकता: पारदर्शिता, समय पर भुगतान और ऑनलाइन व्यवस्था

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अब राज्य में सभी इंजीनियरिंग कार्य केवल HEWP के माध्यम से ही आवंटित किए जाएं। किसी भी विभाग को ऑफलाइन टेंडर जारी करने की अनुमति नहीं होगी। यह सुनिश्चित करने के लिए वित्त विभाग ने HEWP को चार बैंकों से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर ली है, ताकि ठेकेदारों को समय पर ऑनलाइन भुगतान मिल सके।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “हमें अपने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। यह योजना केवल रोजगार नहीं, बल्कि एक आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ठोस कदम है।”

पोर्टल पर होगी निगरानी और समयबद्ध कार्य की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बैठक में यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग कार्यों का बजट पहले से सुनिश्चित करें, ताकि किसी परियोजना में अनावश्यक देरी न हो। इसके साथ ही HEWP पोर्टल पर कार्य की प्रगति को ट्रैक करने की भी व्यवस्था की जा रही है।

निविदा प्रक्रिया को समय पर निष्पादित करने के लिए यह प्रावधान किया गया है कि प्रत्येक सोमवार को सभी विभागों के इंजीनियर-इन-चीफ को SMS के माध्यम से अलर्ट भेजा जाएगा, जिससे वे देरी के बिना कार्रवाई करें।

वर्तमान स्थिति और आगे की दिशा

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि अभी तक HEWP पोर्टल पर 20,709 ठेकेदार जुड़े हुए हैं, जिनमें से 6,476 पूर्ण रूप से पंजीकृत हैं। यह संख्या आने वाले समय में ‘सक्षम युवा योजना’ के माध्यम से और भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुई समीक्षा बैठक

इस उच्चस्तरीय बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता, PWD विभाग के एसीएस श्री अनुराग अग्रवाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सचिव श्री मोहम्मद शाइन, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, और कौशल विकास विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।