हरियाणा को फरीदाबाद-जेवर और बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार की मंजूरी

केंद्र सरकार ने हरियाणा में फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट और बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो रेल विस्तार की मंजूरी दे दी है। गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक 72.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक प्रस्तावित है, जिसमें 22 स्टेशन होंगे। इस परियोजना से फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों की शहरी कनेक्टिविटी और समग्र विकास में मदद मिलेगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कैबिनेट की इस मंजूरी की बाबत स्वयं केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को यह जानकारी दी है। कृष्णपाल गुर्जर फिलहाल बिहार चुनाव में प्रचार पर पहुंचे हुए हैं। वह चार नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे ।

वहीं कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के फरीदाबाद व पलवल क्षेत्र को मोदी सरकार से मिली इस बड़ी उपलब्धि पर प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार जताया है। इन दोनों परियोजनाओं के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से कई बार विस्तृत चर्चा की और मनोहर लाल से ही इन योजनाओं को सिरे चढ़ाने की घोषणाएं भी कराई थीं। दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट की सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी और बल्लभगढ़ से पलवल मेट्रो कनेक्टिविटी फरीदाबाद के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

22 स्टेशन होंगे 

गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक भी नमो भारत ट्रेन और मेट्रो का प्रस्ताव है। गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से एयरपोर्ट तक 72.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाएगा, जिसमें 22 स्टेशन होंगे। मेट्रो और नमो भारत ट्रेन दोनों एक ही ट्रैक पर चलेंगी। इस परियोजना की DPR केंद्र सरकार को भेज दी गई है।