पंचकूला में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ

पंचकूला दिसम्बर 19: पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आज स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित भव्य स्वदेशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। उत्तर क्षेत्र के समन्वयक राजेश गोयल ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मेले का उद्घाटन हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में स्वदेशी वस्तुओं, भारतीय संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रभावशाली संदेश देखने को मिला।

इस अवसर पर स्वामी संपूर्णानंद महाराज, आरएसएस के प्रमुख वक्ता पवन जिंदल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष रजनीश गर्ग, उत्तर क्षेत्र समन्वयक स्वदेशी संचालक राजेश गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शहरवासी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और युवा वर्ग ने भाग लिया।

अपने संबोधन में हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि “स्वदेशी आज की नहीं, बल्कि आने वाले समय की सबसे बड़ी मांग है। आने वाला समय पूरी तरह स्वदेशी का समय है और इस मेले में वही स्वदेशी दिखाई दे रहा है। यहां मौजूद हर वस्तु आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।” उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और स्थानीय कारीगरों व छोटे उद्योगों को सीधा लाभ मिलता है।

प्रमुख वक्ता पवन जिंदल ने कहा कि स्वदेशी मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का माध्यम है। उन्होंने कहा, “वैश्वीकरण के इस दौर में स्वदेशी ही भारत को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बना सकता है। स्वदेशी मेला लोगों को यह संदेश देता है कि अगर हम देश में बने उत्पादों को अपनाएं, तो भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ेगा। यह आने वाले समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”