पंचकूला, 12 मार्च : हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर सेक्टर-15 स्थित रेड क्रॉस वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ अपना जन्मदिन मनाया और उनके साथ खुशी साझा की। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी मित्रा घोष भी उपस्थित रहीं।
राज्यपाल ने वृद्धाश्रम का दौरा किया और वहां रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। बुजुर्ग भी अपने बीच राज्यपाल को पाकर बेहद प्रसन्न नजर आए। उन्होंने राज्यपाल से केक कटवाया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी सभी 22 बुजुर्गों (13 पुरुष और 9 महिलाएं) को शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया।
इससे पहले राज्यपाल ने वृद्धाश्रम में विशेष बच्चों के लिए संचालित फिजियोथेरेपी सेंटर का अवलोकन किया और बच्चों के शारीरिक विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद दिया तथा उन्हें रिफ्रेशमेंट किट वितरित की।
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे बुजुर्ग, जिन्हें उनके बेटे-बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा उपेक्षित किया गया है, उन्हें वृद्धाश्रम में रहने की सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि अपने जन्मदिन के अवसर पर बुजुर्गों के साथ समय बिताने और उनसे बातचीत करने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धाश्रम के बेहतर रखरखाव और आवश्यक सुविधाओं के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री डी. के. बेहरा, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, एसडीएम श्री चंद्रकांत कटारिया, रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा ब्रांच के उपाध्यक्ष श्री अंकुश मिगलानी, महासचिव डॉ. सुनील कुमार, संयुक्त सचिव श्री अनिल जोशी तथा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की सचिव श्रीमती सविता अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे
Top Tags