अमृतसर से फतेहगढ़ साहिब तक निःशुल्क ‘सफर-ए-शहादत’ यात्रा शुरू

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों और माता गुजरी जी की लासानी शहादत को श्रद्धांजलि देते हुए “सफर-ए-शहादत” की आज शुरुआत हुई है। “सफर-ए-शहादत” का मतलब ‘शहादत का सफर’ होता है, और यह आमतौर पर गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके बेटों की शहादत से जुड़े ऐतिहासिक स्थानों की यात्रा को निर्देशित करता है ।  यह सेवा 20 दिसंबर से 27 दिसंबर तक प्रतिदिन चलाई जाएगी, जिसके तहत संगत को अमृतसर से श्री फतेहगढ़ साहिब और वापस अमृतसर लाया जाएगा।

बतादें भाजपा नेता अक्षय शर्मा की ओर से विशेष फ्री बस सेवा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस शहादत के सफर का पहला जत्था श्री अमृतसर साहिब से श्री फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना हुआ। अक्षय शर्मा ने सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओँ से भरी 30 बसों को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। यह निशुल्क बस सेवा 27 दिसंबर तक चलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस बस सेवा के दौरान यात्रियों को केवल यात्रा ही नहीं कराई जाएगी, बल्कि उन्हें पूरी यात्रा के दौरान इतिहास से जुड़े छात्रों के जरिए गुरु साहिब के त्याग और चार साहिबजादों की शहादत से जुड़े प्रसंगों की जानकारी भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को धर्म, संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है, ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सही दिशा में आगे बढ़ सकें।