मोहाली कार्निवाल-2026 में लोक नृत्यों ने लूटा मन

मोहाली, 6 फरवरी: मोहाली कार्निवाल-2026 के अंतर्गत आयोजित पंजाब सखी शक्ति मेले में देश के विभिन्न राज्यों की कला कृतियों और फूड स्टॉलों ने लोगों को खासा आकर्षित किया। मेले की अगुवाई मेला अधिकारी-सह-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर सोनम चौधरी द्वारा की जा रही है। मेले में रोजाना विभिन्न राज्यों और स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक गतिविधियों की शानदार प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।

सांस्कृतिक गतिविधियों के संयोजक प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने बताया कि पंजाब के भांगड़ा, लुड्डी और जिंदुआं, हरियाणा के घूमर व देवर-भाभी, राजस्थान के चकरी और कालबेलिया, उत्तर प्रदेश के बीन लोकगीत तथा हिमाचल प्रदेश के लोक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

आज खालसा कॉलेज मोहाली, सरकारी कॉलेज डेराबस्सी, दोआबा कॉलेज मोहाली और चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजों के विद्यार्थियों ने मनमोहक लोक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। पूरा मेला रंगों, संगीत और सांस्कृतिक विविधता से सराबोर नजर आया।