मोहाली, 19 दिसंबर : पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के मार्गदर्शन में तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एस.सी.ई.आर.टी.) पंजाब के दिशा-निर्देशों के अनुसार, निदेशक जनरल स्कूल शिक्षा पंजाब के कार्यालय में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस समारोह के मुख्य अतिथि एस.सी.ई.आर.टी. पंजाब की निदेशक डॉ. किरण शर्मा पी.सी.एस. रहीं, जिन्होंने पवित्र ज्योति प्रज्वलित कर राज्य स्तरीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पेंटिंग एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। अतिथियों का औपचारिक स्वागत सहायक डायरेक्टर राजीव कुमार द्वारा किया गया।
डॉ. किरण शर्मा डायरेक्टर, एस.सी.ई.आर.टी. पंजाब ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छी तैयारी आत्मविश्वास, अनुशासन और परिश्रम की पहचान होती है। प्रतियोगिताएँ स्वयं को परखने और सीखने का अवसर देती हैं, इसलिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व परिश्रम, नैतिक मूल्यों और टीम भावना से ही विकसित होता है।
मुख्य अतिथि डॉ. किरण शर्मा पी.सी.एस. ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में विभिन्न राज्यों की संस्कृति, भाषा, कला एवं परंपराओं के प्रति समझ और आपसी सांझेदारी को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर पंजाब राज्य के विद्यार्थियों ने आंध्र प्रदेश की संस्कृति से संबंधित गतिविधियाँ प्रस्तुत कीं, जिनमें आंध्र प्रदेश के लोक नृत्य और चित्रकला की विविध झलकियाँ विशेष रूप से प्रदर्शित की गईं।
Top Tags