“बांके बिहारी मंदिर” कॉरिडोर की पहली रजिस्ट्री पूरी

श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा के वृंदावन में ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के भक्तों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक औऱ विशेष महत्व लेकर रहा. लंबे समय से प्रतीक्षित श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में अब ज़मीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है।

भव्य और दिव्य ‘श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर’ के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं. इसके लिए शुक्रवार को भूमि अधिग्रहण की पहली रजिस्ट्री सफलतापूर्वक संपन्न हो गई.

माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश पर गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से कॉरिडोर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. इस परियोजना से न केवल दर्शन सरल होंगे, बल्कि समूचे ब्रज क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी.

यह कॉरिडोर भक्तों के लिए सुगम दर्शन, सुरक्षित प्रवेश-निकास और आधुनिक सुविधाओं के साथ ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास का प्रतीक बनेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

वृंदावन अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

कॉरिडोर के निर्माण से स्थानिक लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी। कॉरिडोर के निर्माण से वृन्दावन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होने की उम्मीद है. इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिसका सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था को होगा. नए होटलों, रेस्टोरेंटों और दुकानों के खुलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

इसके साथ ही समिति ने यह भी घोषणा की है कि जो लोग स्वेच्छा से कॉरिडोर हेतु अपनी जमीन पहले प्रदान करेंगे, उन्हें भविष्य में दी जाने वाली सुविधाओं में वरीयता दी जाएगी.