पंचकूला, 18 मार्च: नगराधीश सुश्री जागृति की अध्यक्षता में आज सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनगणना-2027 को डिजिटल माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर्स राजकीय महाविद्यालय, कालका के सहायक प्रोफेसर डॉ. रविंदर कुमार श्योराण तथा राजकीय महाविद्यालय, सेक्टर-1, पंचकूला के सहायक प्रोफेसर श्री वरुण सिंह यादव ने प्रतिभागियों को जनगणना के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने जनगणना के दौरान शेड्यूलिंग, पंजीकरण तथा हाउस लिस्टिंग एप के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के सहायक एवं एसोसिएट प्रोफेसरों ने भाग लिया और जनगणना कार्य की बारीकियों को गंभीरता से समझा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को समय रहते प्रशिक्षित करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी डिजिटल एप्लिकेशन और निर्धारित प्रक्रियाओं से भली-भांति परिचित हो।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए नगराधीश सुश्री जागृति ने जनगणना कार्य के महत्व को रेखांकित किया और इससे जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रभावी प्रशिक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें और अपना योगदान दें।
Top Tags