चंडीगढ़, 21 जुलाई: अमेरिका के सैन जोआक्विन काउंटी में एक बेहद खतरनाक और हिंसक गैंग का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें शामिल 8 भारतीय मूल के लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने इस पंजाबी गैंग को “क्रूर, अमानवीय और जानवरों से भी बदतर” करार दिया है। इस गिरोह पर अपहरण, टॉर्चर, फिरौती, अवैध हथियार रखने से लेकर भारत में हत्या और राजनीतिक हिंसा तक कई गंभीर आरोप लगे हैं।
इस गैंग का सरगना बताया जा रहा है पवित्तर सिंह, जो भारत के पंजाब राज्य के बटाला का निवासी है और वहां हत्या, जबरन वसूली और हथियारों की तस्करी जैसे मामलों में पहले से वांछित है।
क्या है पूरा मामला?
21 जून 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को अगवा कर उसे नग्न कर घंटों तक बेरहमी से टॉर्चर किया गया, और बाद में उसके परिवार से फिरौती मांगी गई। इस मामले की जांच के बाद 11 जुलाई को FBI, स्टॉकटन पुलिस, मांटेका पुलिस और सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ ने संयुक्त रूप से SWAT टीम के साथ पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी में क्या मिला?
-
मशीन गन और असॉल्ट राइफलें
-
छत के वेंट में छिपाकर रखे गए 15,000 डॉलर नकद
-
ड्रग्स और प्रतिबंधित सामग्री
-
गिरोह के संपर्क सूत्र भारत और कनाडा तक फैले मिले
गिरफ्तार आरोपी:
-
पवित्तर सिंह (गैंग लीडर, पंजाब से)
-
दिलप्रीत सिंह
-
सरबजीत सिंह
-
गुरताज सिंह
-
अमृतपाल सिंह
-
विशाल सिंह
-
अर्शप्रीत सिंह
-
मनप्रीत रंधावा
इनमें से छह को इमीग्रेशन विभाग ने अलग से हिरासत में लिया है, जिनके वीजा और नागरिकता दस्तावेजों की जांच चल रही है।
कानूनी कार्रवाई और संभावित सज़ा
-
सभी पर उम्रकैद तक की सज़ा संभव है
-
कोई जमानत नहीं दी जाएगी
-
FBI अब भारत और कनाडा के साथ मिलकर एक्स्ट्राडिशन (प्रत्यर्पण) पर काम कर रही है
-
गैंग के और भी सदस्यों और समर्थकों की तलाश जारी है
FBI और पुलिस के कड़े बयान
शेरिफ पैट्रिक विथ्रो ने कहा:
“ये इंसान नहीं, जानवर हैं। इन्हें इंसानी जिंदगी की कोई कद्र नहीं है। ये न केवल अमेरिका के लिए खतरा हैं, बल्कि भारत और कनाडा में भी हिंसा फैला रहे हैं।“
डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रॉन फ्रेटस ने कहा:
“इन पर दर्ज मामलों की गंभीरता को देखते हुए हम सुनिश्चित करेंगे कि इन्हें अमेरिका की धरती पर दोबारा सांस लेने का मौका ना मिले।“
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा
जांच में सामने आया है कि यह गैंग तीन देशों – अमेरिका, भारत और कनाडा – में सक्रिय है। भारत में इनके लिंक पंजाब की गैंगवार संस्कृति, राजनीतिक हत्याओं, और हथियारों की अवैध सप्लाई से जुड़े हैं। अमेरिका में ये ट्रक हाईजैकिंग, हथियार और ड्रग्स की तस्करी, और स्थानीय गवाहों को धमकाने जैसे अपराधों में लिप्त रहे हैं।
Top Tags