फरीदाबाद रोड शो, निकाय चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत का दावा!

चंडीगढ़, 24 फरवरी:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद में नगर निगम चुनाव को लेकर जबरदस्त चुनावी माहौल बनाया। रविवार को भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी और पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में चार बड़े रोड शो किए, जिनमें भारी जनसमर्थन देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की लहर चल रही है और स्थानीय निकाय चुनाव में एकतरफा जीत कमल के फूल की होगी। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा,“2 मार्च को जनता रिकॉर्ड मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर खुशहाली और समृद्धि का कमल खिलाएगी।”
जनता के समर्थन से गदगद सीएम सैनी, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
फरीदाबाद के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में हुए चार बड़े रोड शो में जनता का जोश देखने लायक था। सड़कों पर उमड़े भारी जनसैलाब और जगह-जगह हुए फूलों की बारिश ने मुख्यमंत्री को भावविभोर कर दिया।
उन्होंने कहा कि जनता का यह प्यार भाजपा की ऐतिहासिक जीत का संकेत दे रहा है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि “जो अपार भीड़ रोड शो में उमड़ रही है, वह 2 मार्च को वोट में तब्दील होगी और भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी भारी मतों से जीतेंगी।”
“एकजुट होकर कमल खिलाएं, विकास की जिम्मेदारी मेरी” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनता से अपील करते हुए कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की नॉन-स्टॉप विकास यात्रा जारी रहेगी। आप सभी एकजुट होकर कमल खिलाएं, आपके क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी मेरी होगी।”
उन्होंने कहा कि यह निकाय चुनाव केवल स्थानीय प्रशासन का चुनाव नहीं, बल्कि हरियाणा को और मजबूत बनाने का चुनाव है। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार हरियाणा के हर कोने में विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
भव्य रोड शो में जनता का जबरदस्त उत्साह
हर रोड शो के दौरान लोगों में मुख्यमंत्री की झलक पाने की ललक दिखी। मोदी और सैनी के समर्थन में ‘मोदी जिंदाबाद’, ‘नायब सैनी जिंदाबाद’, ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारे लगे। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर, हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया और 2 मार्च को कमल के फूल पर वोट देने की अपील की।
बल्लभगढ़ से हुआ रोड शो का आगाज
मुख्यमंत्री ने अपना पहला रोड शो बल्लभगढ़ विधानसभा से शुरू किया, जहां उन्होंने मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी और भाजपा पार्षद उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा।
बल्लभगढ़ में रोड शो के दौरान उनके साथ कई बड़े नेता मौजूद रहे, जिनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, वरिष्ठ भाजपा नेता टीपरचंद शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, जिला महामंत्री सुरेंद्र जांगड़ा और जिला उपाध्यक्ष सुखबीर मलेरना प्रमुख रूप से शामिल रहे।
एनआईटी विधानसभा में भी भव्य रोड शो
मुख्यमंत्री का दूसरा रोड शो एनआईटी विधानसभा में निकला, जहां विधायक सतीश फागना, जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा और मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी के साथ हजारों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान उन्होंने वार्ड-1 से लेकर वार्ड-11 तक भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से वोट मांगे।
बड़खल और तिगांव में भी भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
•बड़खल विधानसभा में विधायक धनेश अदलखा और भाजपा नेताओं के साथ सीएम ने जोरदार प्रचार किया।
•तिगांव विधानसभा में खाद्य मंत्री राजेश नागर और अन्य नेताओं के साथ रोड शो कर जनता से भाजपा को जिताने की अपील की।
भाजपा के लिए ट्रिपल इंजन सरकार का बड़ा दांव
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार (केंद्र, राज्य और निकाय में भाजपा) हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा,
“नगर निगम चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि विकास को आगे बढ़ाने का चुनाव है। भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर फरीदाबाद के विकास को तेज रफ्तार दें।”
2 मार्च को कमल के फूल पर वोट देने की अपील
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनता से अपील की कि वे 2 मार्च को भाजपा प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जिताएं और हरियाणा में खुशहाली और समृद्धि का कमल खिलाएं।
फरीदाबाद में मुख्यमंत्री के चार बड़े रोड शो से भाजपा का प्रचार अभियान चरम पर पहुंच गया है। भारी भीड़ और जनता का जोश यह संकेत दे रहा है कि भाजपा निकाय चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज करने जा रही है।